गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया
राहुल गांधी के इस बयान पर गिरिराज सिंह ने उन्हें आड़े हाथों लिया। संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, ” मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं, उनके जैसा झूठा इस देश में कोई नहीं होगा। आपसे बड़ा लूच्चा को देश में नहीं होगा। आप देश में किसानों में भ्रम फैलाना चाहते हैं। आप देश में गृह युद्ध कराना चाहते हैं। सत्य के मंदिर (लोकसभा) में जाकर झूठ बोलते हो।”
न किसानों का अहित हुआ है और न होगाः गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “नरेंद्र मोदी के रहते न किसानों का अहित हुआ है और न होगा। जब देश का कृषि मंत्री कह रहा हो, जब देश का कॉमर्स मिनिस्टर कह रहा हो, तब आपके पास कौन सा सूत्र है, आप देश में भ्रम फैला रहे हो। अभी जॉइंट सिग्नेचर नहीं हुआ है, आप देश में भ्रम फैला रहे हो। दूसरे को फाइल दिखा रहे हो। अगर आपका फाइल दिखाया जाए तो सचमुच डर जाओगे। अगर जॉर्ज सोरोस वाला फाइल, जिसके एजेंट बन करके भारत में काम कर रहे हो, चाइन वाली फाइल जिसका एजेंट बन करके राजीव गांधी फाउंडेशन काम कर रहा है, आपका कम्बोडिया का फाइल, आपका बरेली का फाइल, जब खुलेगा, तब आपको पता चलेगा।”
राहुल गांधी को देश के लोग पहचान चुके हैंः केंद्रीय मंत्री
गिरिराज सिंह ने कहा, “राहुल गांधी किसानों की हित की बात कर रहे हैं, नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए वो काम किया है, जो आजतक किसी ने नहीं किया। 70 से 100 फीसदी तक 10 साल में एमएसपी बढ़ाया। यही नहीं, चार लाख किसानों के खाते में पैसा भेजा। ये नकली किसान (राहुल गांधी) जिसको जौ और गेहूं की पहचान नहीं हो, जिसको बछिया और बछड़े की पहचान न हो, वो अपने को उदंड की तरह तीस मार खां बन करके देश में गृह युद्ध कराना चाहता है। इन्हें भारत से क्या प्रेम है। गृह युद्ध होने पर ननिहाल भाग जाएंगे। भारत के लोग आपको पहचान चुके हैं। आप सत्ता में आने वाले नहीं हैं। इसी लिए ऐसी गतिविधि कर रहे हैं। राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया जाना चाहिए।”
संसद में राहुल गांधी ने क्या कहा, जिस पर भड़का सत्ता पक्षा
बता दें राहुल गांधी ने बुधवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी इस तरह का समझौता करने को विवश हुए क्योंकि अमेरिका का उन पर दबाव है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने सत्तापक्ष के सदस्यों की टोका-टाकी के बीच यह भी कहा कि भारत-अमेरिका समझौते में देश के किसानों के हितों को कुचल दिया गया, जैसा आज से पहले किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया और आगे भी कोई नहीं करेगा।
अपनी बात पर अडिग रहे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री मोदी और सरकार पर निशाना साधते हुए अमेरिका में एक भारतीय उद्योगपति के खिलाफ दर्ज मामले और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित एक प्रकरण का उल्लेख किया, जिस पर पीठासीन सभापति ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड में शामिल नहीं होगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने जो आरोप लगाए हैं उन्हें उन आरोपों को सत्यापित करना चाहिए, जिस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि वह इसके लिए तैयार हैं।
भारत-अमेरिका के बीच चर्चा बराबरी पर होनी चाहिएः राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मुझे सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि अमेरिका-भारत व्यापार समझौते में क्या हुआ। अगर हम ‘इंडिया’ गठबंधन (की सरकार में) अमेरिका के राष्ट्रपति से बातचीत कर रहे होते, तो हम एक बात बिल्कुल साफ करते कि इस पूरे समीकरण में सबसे महत्वपूर्ण पूंजी भारतीय डेटा है। अगर अमेरिका डॉलर को सुरक्षित रखना चाहता है, तो उसे यह मानना होगा कि भारतीय डेटा एक रणनीतिक पूंजी है और किसी भी चर्चा को बराबरी के स्तर पर होना चाहिए, मालिक और नौकर की तरह नहीं।’’
(एजेंसियों के इनपुट के साथ)













