‘जेलर 2’ में खूंखार विलेन बने जतिन सरना
हाल ही ‘जेलर 2’ के सेट से जतिन सरना की रजनीकांत संग तस्वीर भी वायरल हुई थी, जिसने फैंस के बीच और हलचल मचा दी थी। ‘सिनेमा एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जेलर 2’ में जतिन सरना का किरदार कहानी में बेहद अहम होगा, और सीधे रजनीकांत के किरदार से टक्कर लेगा। जतिन इस रोल को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं।
जतिन सरना कौन हैं?
जतिन सरना एक पॉपुलर एक्टर हैं। उन्होंने बॉलीवुड के अलावा मराठी सिनेमा में भी खूब काम किया है। वह अभी तक ‘सात उच्चके’, ‘मेरठिया गैंगस्टर्स’, ‘सोनचिरैया’, ’83’ और ‘दरबार’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘सेक्रेड गेम्स’ और ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ जैसी वेब सीरीज में काम किया। जतिन सरना ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। अपने अभी तक के करियर में उन्होंने 25 नाटकों में भी काम किया है। साल 2025 में वह सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ में डी नीरो के रोल में नजर आए थे।
शाहरुख खान मार्च में शूट करेंगे कैमियो
‘जेलर 2’ की बात करें, तो इसमें जतिन सरना के अलावा शाहरुख खान के रोल को लेकर भी काफी बज़ है। जबसे शाहरुख के इस फिल्म का हिस्सा होने की बात सामने आई, तभी से फैंस के बीच काफी ज्यादा एक्साइटमेंट है। खबर है कि वह मार्च में ‘जेलर 2’ में अपने कैमियो रोल के लिए शूट करेंगे। हालांकि, ‘जेलर 2’ में शाहरुख खान के होने की बाद सिर्फ मिथुन चक्रवर्ती ने ही कन्फर्म की थी। अब फैंस को मेकर्स के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।
‘जेलर 2’ की कास्ट और रिलीज डेट
‘जेलर 2’ को नेल्सन दिलीप कुमार ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में रजनीकांत, जतिन सरना और शाहरुख खान के अलावा मिथुन चक्रवर्ती, रम्या कृष्णन, योगी बाबू, शिवराजकुमार और विनायकन भी हैं। यह साल 2023 में आई इसी नाम की फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। कहा जा रहा है कि ‘जेलर 2’ जून 2026 में थिएटर्स में पैन इंडिया रिलीज होगी। ‘जेलर’ के कलेक्शन की बात करें, तो इसने देशभर में 348.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था और वर्ल्डवाइड 604.5 करोड़ रुपये कमाए थे।













