हैमस्ट्रिंग की इंजरी के कारण हसरंगा बाहर
आयरलैंड के खिलाफ मैच के दौरान वानिंदु हसरंगा को हैमस्ट्रिंग की इंजरी हुई थी। इसके बाद उनके बाएं हैमस्ट्रिंग का एमआरआई स्कैन मंगलवार को करवाया गया। इसमें पता चला है कि उनका हैमस्ट्रिंग फट गया है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार रिहैब में समय लगेगा और इसी वजह से हसरंगा टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गए हैं।
दुषण हेमंथा रिप्लेसमेंट होंगे
वानिंदु हसरंगा की जगह दुषण हेमंथा को श्रीलंका की टीम में जगह मिलेगी। 31 साल के लेग स्पिनर ने अभी तक 3 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उनके नाम चार विकेट हैं। 5 वनडे में उन्होंने दो विकेट चटकाए हैं। श्रीलंका की टीम टूर्नामेंट के ग्रुप बी में है। उसका दूसरा मुकाबला 12 फरवरी को ओमान के खिलाफ होना है। टीम ने 2014 में इस टूर्नामेंट को अपने नाम किया था लेकिन उसके बाद से अभी तक सेमीफाइनल में भी जगह नहीं बना पाई है।
हसरंगा का टी20 में दमदार रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 28 साल के वानिंदु हसरंगा का रिकॉर्ड काफी दमदार है। उन्होंने 95 मैचों के अपने करियर में 154 विकेट लिए हैं। इसके साथ ही उनके नाम 807 रन भी हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 9 रन देकर 4 विकेट है। हसरंगा टी20 विश्व कप इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनके नाम इस टूर्नामेंट में 40 विकेट हैं। आयरलैंड के खिलाफ मैच के दौरान ही शाहिद अफरीदी से वह आगे निकले थे। सबसे ज्यादा 50 विकेट का रिकॉर्ड बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के नाम दर्ज है।













