मोहम्मद आमिर की भविष्यवाणी
सुपर-8 के ग्रुप-1 में भारत के साथ दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे मौजूद हैं। जब आमिर से इस ग्रुप से दो सेमीफाइनल फाइनलिस्ट चुनने को कहा गया, तो उन्होंने भारत को छोड़ दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज का नाम लिया। आमिर ने तर्क दिया, ‘पाकिस्तान वाले मैच को छोड़कर हर मैच में भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाई है। जिस तरह दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज खेल रहे हैं, वे किसी भी टीम को हरा सकते हैं।’ मोहम्मद आमिर का यह बयान काफी अजीब सा लग रहा है।
अभिषेक शर्मा को बताया था स्लॉगर
इससे पहले आमिर ने भारतीय युवा ओपनर अभिषेक शर्मा की तकनीक पर निशाना साधते हुए उन्हें स्लॉगर करार दिया था। आमिर का मानना है कि अभिषेक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबी रेस के घोड़े नहीं हैं क्योंकि वे हर गेंद को हिट करने की कोशिश करते हैं। अभिषेक के लगातार तीन डक पर आउट होने के बाद आमिर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट उनकी कमजोरियों को उजागर कर देगा। इसके बाद मोहम्मद आमिर को भारत से भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है। शायद इसी गुस्से में उन्होंने भारत जैसे मजबूत टीम को ही सेमीफाइनल की रेस बाहर कर दिया है।
सुपर-8 में भारत का कड़ा इम्तिहान
भले ही टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में अजेय रही हो, लेकिन आमिर के बयान ने एक बहस छेड़ दी है। भारत को सेमीफाइनल की टिकट पक्की करने के लिए साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी फॉर्म में चल रही टीमों से पार पाना होगा। फैंस और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने आमिर के इन बयानों को अनावश्यक दबाव बनाने वाला और गलत करार दिया है। टीम इंडिया को इसके अलावा जिम्बाब्वे का भी सामना करना है। इस ग्रुप की सभी टीम अभी तक अजेय है।














