पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा, रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और कुछ ही दिनों में होली का पर्व भी आने वाला है, जो रंग, गुलाल और खुशियों का संदेश लेकर आता है।
स्वदेशी अपनाएं, विदेशी को दूर रखिए
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से कहा, ‘आप सभी अपने परिवार और अपनों के साथ खुशी के साथ सारे त्योहार मनाएं। ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे कुछ मंत्र हमेशा याद रखें। हमारे होली के त्योहारों में या अन्य कोई भी त्योहार में अनेक ऐसे साजो-सामान घुस गए हैं, जो विदेशी हैं। इन्हें त्योहारों से दूर रखिए, होली से भी दूर रखिए, स्वदेशी अपनाइए। जब आप स्वदेशी खरीदते हैं तो देश को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में भी मदद करते हैं।’
पीएम मोदी ने की किसानों की तारीफ
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने भारत के किसानों की बदलती सोच और नवाचार की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ नए बाजारों और आधुनिक तरीकों पर भी ध्यान दे रहे हैं, जिससे उनकी आय और उत्पादन क्षमता दोनों बढ़ रही हैं।
क्या है वोकल फॉर लोकल
‘वोकल फॉर लोकल’ केंद्र सरकार द्वारा शुरू किया गया और नीति आयोग द्वारा सक्रिय रूप से प्रचारित एक राष्ट्रीय अभियान है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को घरेलू स्तर पर उत्पादित वस्तुओं और सेवाओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस पहल का मूल उद्देश्य स्थानीय व्यवसायों को सशक्त बनाकर, रोजगार को बढ़ावा देकर और देश की विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाकर भारत की आर्थिक नींव को मजबूत करना है, जिससे आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार किया जा सके।














