समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना के तहत एक मर्द और एक औरत को एक पब्लिक पार्क में कोड़े से पीटा गया है। इस दौरान दर्जनों लोग मौजूद थे और सजा को अमल होते हुए देख रहे थे। इतनी पिटाई के बाद महिला बेहोश हो गई और फिर उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। बांदा आचे की शरिया पुलिस के प्रमुख मुहम्मद रिज़ाल ने AFP को बताया कि कुल मिलाकर दोनों को 140 कोड़े मारे गए। इसमें 100 कोड़ो शादी के बाहर संबंध बनाने के लिए और 40 कोड़े शराब पीने के लिए।
शरिया कानून के तहत सबसे कड़ी सजा
इंडोनेशिया के आचे प्रांत को साल 2001 में स्पेशल स्टेटस के तहत स्वायत्त क्षेत्र घोषित किया गया था। उसके बाद से ही यहां शरिया कानून लागू कर दिया गया था। उसके बाद से ही यहां कोड़े मारने की सजा लागू की गई थी। यहां सबसे ज्यादा कोड़े मारने की सजा दी जाती रही है। आचे प्रांत को इस्लामिक कानून के साथ साथ देश के कानूनी सिस्टम को भी लागू करने की इजाजत मिली हुई है। यह जोड़ा उन छह लोगों में शामिल था जिन्हें इस्लामी कानून तोड़ने के लिए कोड़े मारे गए थे। इसमें एक शरिया पुलिस अधिकारी और उसकी महिला पार्टनर भी शामिल थे, जिन्हें एक निजी जगह पर आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था। उस जोड़े को 23-23 कोड़े मारे गए।
मुहम्मद रिज़ाल ने समाचार एजेंसी AFP को बताया कि “जैसा कि वादा किया था, हम कोई छूट नहीं देंगे, खासकर अपने सदस्यों को तो बिल्कुल नहीं। इससे निश्चित रूप से हमारा नाम खराब होता है।” आचे प्रांत में कई तरह के अपराधों के लिए कोड़े मारने की सजा दी जाती है। जुआ खेलना, शराब पीना, गे संबंध और शादी के बाहर संबंध बनाना शामिल है। पिछले साल दो पुरुषों को शरिया कोर्ट ने संबंध बनाने का दोषी पाए जाने के बाद सार्वजनिक रूप से 76-76 कोड़े मारने के आदेश दिए थे।













