‘द केरल स्टोरी 2’ (The Kerala Story 2 Goes Beyond) लव जिहाद और धर्म परिवर्तन जैसे मुद्दों पर बनी है। फिल्म में जबरदस्ती बीफ खिलाने वाला एक सीन भी है, जिसके कारण खूब बवाल मचा हुआ है। जहां फिल्म को बैन करने की मांग की जा रही है और कई याचिकाएं दायर की गई हैं, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी सियासत तेज हो गई है।
सेंसर बोर्ड की ‘द केरल स्टोरी 2’ पर चली कैंची
उधर, केरल हाई कोर्ट ने हाल ही फिल्म के प्रोड्यूसर्स और सेंसर बोर्ड को एक नोटिस जारी किया था, जो उस याचिका पर सुनवाई के बाद जारी किया गया, जिसमें ‘द केरल स्टोरी 2’ को दिए गए सेंसर सर्टिफिकेट को कैंसिल करने की मांग की गई थी। सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ कट्स लगाने और सीन्स हटाने के लिए कहा था, और अब U/A 16+ सर्टिफिकेट दे दिया है। ‘द केरल स्टोरी 2’ इस शुक्रवार, 27 फरवरी को थिएटर्स में रिलीज होगी। ‘बॉलीवुड हंगामा’ की रिपोर्ट के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म में 16 कट या बदलाव करने को कहा है।
ये बदलाव और कट्स हैं:
- किसिंग के विजुअल्स को 50% तक कम कर दिया गया। लिप-लॉक सीन को 7 सेकंड छोटा कर दिया गया।
- रेप के सीन भी 50% यानी 20 सेकंड तक कम कर दिया गया।
- दो सीन्स, जिनमें से एक में महिला को थप्पड़ मारा जा रहा है और दूसरे में महिला के सिर पर वार किया जा रहा है, उन्हें 2-2 सेकंड कम किया गया।
- उन विजुअल्स को बदलने को कहा गया है, जिनमें आरोपी के घर को बुलडोजर से तोड़ते हुए दिखाया जाता है।
- तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन डायलॉग्स में बदलाव किया गया, जबकि एक शब्द को म्यूट करने को कहा गया।
- सेंसर बोर्ड ने मेकर्स को यह डिस्क्लेमर जोड़ने का निर्देश दिया है कि फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है। इस डिस्क्लेमर को स्क्रीन पर 2 मिनट 3 सेकेंड और बढ़ाने को कहा गया है यानी इसे इतने ज्यादा समय और दिखाया जाना है और वॉइस ओवर भी जोड़ना है।
- मेकर्स को स्क्रिप्ट के अनुसार, स्क्रिप्ट डायलॉग और फिल्म में दिखाई गई सच्ची घटना से संबंधित जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा गया।
- फिल्म में एक नाबालिग कलाकार को कास्ट करने के लिए सेंसर बोर्ड को सहमति पत्र प्रस्तुत किया गया।
25 फरवरी को पहले केरल हाई कोर्ट में स्क्रीनिंग
इन तमाम बदलावों के बाद ‘द केरल स्टोरी 2’ को 16 फरवरी को सेंसर बोर्ड ने U/A 16+ सर्टिफिकेट दे दिया। फिल्म अब 2 घंटे 11 मिनट 24 सेकंड की होगी। फिल्म 27 फरवरी को थिएटर्स में रिलीज होनी है, पर इससे पहले केरल हाई कोर्ट बुधवार, 25 फरवरी को फिल्म को देखेगा और फिर रिलीज पर रोक के लिए दायर की गई याचिकाओं पर फैसला सुनाएगा।
यहां देखिए ‘द केरल स्टोरी 2 गोज़ बियॉन्ड’ का ट्रेलर:
‘द केरल स्टोरी 2’ पर सियासी जंग तेज, अनुराग कश्यप ने बताया ‘प्रोपैगेंडा फिल्म’
‘द केरल स्टोरी 2’ पर कांग्रेस और सपा के कई बड़े नेताओं ने बैन की मांग की है और फिल्म का विरोध किया है। इनमें राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला का भी नाम शामिल है। वहीं, आंध्र प्रदेश के एपीसीसी उपाध्यक्ष वी. गुरुनाधम ने भी ‘द केरल स्टोरी 2’ का विरोध किया। डायरेक्टर अनुराग कश्यप ने तो इसे ‘बकवास प्रोपैगेंडा’ फिल्म बता दिया और डायरेक्टर कामाख्य नारायण सिंह को पैसों का लालची ही बता दिया। ‘द केरल स्टोरी 2’ को कामाख्य नारायण सिंह ने डायरेक्ट किया है और विपुल शाह इसके प्रोड्यूसर हैं। फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा लीड रोल में हैं।













