हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए, धर्मेंद्र की पत्नी और एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने बाफ्टा सम्मान को लेकर अपनी भावनाएं बताईं। उन्होंने कहा, ‘यह एक खूबसूरत पल था और वे इसके हकदार थे। यह न केवल हमारे लिए बल्कि पूरे देश के लिए बहुत बड़ा सम्मान है। इस वर्ष किसी भी भारतीय कलाकार को यह सम्मान नहीं मिला है। उनके फैंस न केवल देश भर में बल्कि विश्व भर में थे, वे न केवल एक अभिनेता के रूप में बल्कि एक इंसान के रूप में भी बेहद प्रेरणादायक थे। उनके जैसा कोई दूसरा नहीं होगा, इसलिए बाफ्टा में उनका नाम आने से हम सभी खुश और उत्साहित हैं।’
हेमा मालिनी को ये अफसोस
अपने दशकों लंबे रिश्ते को याद करते हुए, हेमा ने कहा कि काश वे एक आखिरी बार साथ में स्क्रीन शेयर कर पाते। वो बोलीं, ‘हमने अतीत में जो कुछ किया है, वह अब दर्शकों के लिए यादों के रूप में रह गया है। मुझे खुशी है कि मैंने अपने जीवन का आधे से अधिक समय उनके साथ सह-कलाकार के रूप में और उनके साथ जीवन साथी के रूप में बिताया। यह स्वीकार करना संभव नहीं है कि वे चले गए हैं। मैं इसके बारे में सोचती हूं और मेरी आंखों में आंसू आ जाते हैं, लेकिन हमें इस दुख से बाहर निकलना होगा, और मैं एक मजबूत इंसान हूं।’
परिवार के साथ अनबन पर बोलीं हेमा
परिवार में तनाव की अटकलों पर, खासकर धर्मेंद्र के परिवार, जिसमें उनकी पत्नी प्रकाश कौर, बेटे सनी और बॉबी, और बेटियां विजेता और अजेता शामिल हैं, उन्हें लेकर चल रही अटकलों पर हेमा ने कहा, ‘कोई निगेटिविटी नहीं है। पापा हैं ना, पापा के लिए सब करेंगे, चाहे ये बच्चे हों (ईशा, अहाना) या वो बच्चे (सनी, बॉबी)। ये सभी धरमजी को बहुत प्यार करते थे। वे एक-दूसरे को बहुत प्यार करते हैं।’
फिल्में करने को तैयार हेमा मालिनी
हेमा ने यह भी बताया कि वह डांस शो में व्यस्त हैं, लेकिन अच्छी फिल्मों के लिए भी तैयार हैं। एक्ट्रेस बोलीं, ‘अगर मुझे कोई अच्छा फिल्मी रोल मिलेगा तो मैं जरूर करूंगी, कुछ अच्छा आता ही नहीं। मुझे ओवर द टॉप फिल्मों के बारे में पक्का पता नहीं है। धरम जी को मेरा डांस देखना बहुत पसंद था और वो कहते थे कि मुझे कभी रुकना नहीं चाहिए क्योंकि मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहना जरूरी है। शूटिंग के दौरान भी मैं अपने गुरुजी को साथ ले जाती थी, इसलिए धरम जी की उनसे दोस्ती भी हो गई। उन्हें लड़कियों का डांस देखना भी बहुत अच्छा लगता था और वो इस बात की सराहना करते थे कि हम भारतीय परंपरा को कायम रख रहे हैं।’














