वीकेंड के ठीक बाद सोमवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी के कारण सिनेमाघरों में ‘धुरंधर’ और ‘बॉर्डर 2’ को जबरदस्त फायदा मिला था। हालांकि, मंगलवार को वीकडेज शुरू होते ही सनी देओल की फिल्म को भी तगड़ा झटका लगा है। ओपनिंग डे पर 30.00 करोड़ रुपये और सोमवार को 59.00 करोड़ की कमाई करने वाली ‘बॉर्डर 2’ ने मंगलवार को 19.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। पांच दिनों में इस वॉर ड्रामा फिल्म ने देश में 196.50 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 270.70 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: 54वें दिन हुई 50 लाख की कमाई
दूसरी ओर, ‘धुरंधर’ ने अपने 8वें वीकेंड में भी खूब चौंकाया है। शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को इसने कुल मिलाकर 4.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। अब जब फिल्म के पास गिने-चुने शोज बचे हैं, ‘धुरंधर’ ने मंगलवार को 54वें दिन देश में 50 लाख रुपये का बिजनस किया है। रिलीज के बाद यह दूसरी बार है, जब इसकी कमाई लाखों में पहुंची है। इससे पहले बीते शुक्रवार को इसने 55 लाख रुपये कमाए थे। करीब दो महीने पूरे कर चुकी किसी भी फिल्म के लिए करोड़ों में कारोबार के सफर को इस तरह जारी रखना असमान्य सी बात है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसी के साथ ‘धुरंधर’ का टोटल नेट कलेक्शन अब 835.65 करोड़ रुपये है। इसने देश में 1002.50 करोड़ का ग्रॉस बिजनस कर लिया है।
‘धुरंधर’ वर्ल्डवाइड कलेक्शन और OTT रिलीज
रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त और सारा अर्जुन स्टारर ‘धुरंधर’ का सफर अब आखिरी दौर में है। ऐसा इसलिए कि खबरों के मुताबिक, यह फिल्म 30 जनवरी 2026 से OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है। ऐसे में अब देश में इसका सफर 850 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन तक पहुंचना नामुमकिन है। वैसे तो सिनेमाघरों में अधिकतर शोज ‘बॉर्डर 2’ के पास हैं। ओवरसीज यह फिल्म 296.25 करोड़ की ग्रॉस कमाई तक पहुंची है। यानी देश और विदेश मिलाकर इसने 54 दिनों में वर्ल्डवाइड 1298.75 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: 19वें दिन सिर्फ 35 लाख की कमाई
दूसरी ओर, प्रभास की ‘द राजा साब’ का हाल बेहद बुरा है। मारुति के डायरेक्शन में बनी यह हॉरर कॉमेडी बुरी तरह फ्लॉप हुई है। करीब 350-400 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म 19 दिनों में देश में 144.22 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन ही कर पाई है। जबकि वर्ल्डवाइड 206.36 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हुआ है। फिल्म की हालत ये है कि मंगलवार को इसने मूल भाषा तेलुगू में 34 लाख रुपये और हिंदी डब वर्जन में महज 1 लाख रुपये की कमाई की है।
‘राहु केतु’ और ‘हैप्पी पटेल’ बुरी तरह फ्लॉप
इसी तरह, ‘राहु केतु’ और ‘हैप्पी पटेल’ भी 12 दिनों में डिजास्टर साबित हुई है। बीते 16 जनवरी को ये दोनों फिल्में रिलीज हुई थीं। मंगलवार को पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की ‘राहु केतु’ ने जहां 2 लाख रुपये कमाए हैं, वहीं पुलकित सम्राट की ‘हैप्पी पटेल’ ने 3 लाख रुपये की कमाई की है। ‘राहु केतु’ 12 दिनों में देश में महज 6.33 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर पाई है। जबकि ‘हैप्पी पटेल’ ने इससे भी कम 6.06 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।













