मेकर्स ने कन्फर्म किया है कि उन्होंने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के टीजर में Doja Cat के गाने AAAHH MEN को शामिल किया है। टीजर रिलीज होते ही यह गाना फैंस की नजरों में आ गया था। मेकर्स ने इस गाने को प्रॉपर लाइसेंस के साथ इसके ओरिजनल वर्जन में ही फिल्म में इस्तेमाल किया है। यहां तक कि यूट्यूब पर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के टीजर के साथ मेकर्स ने AAAHH MEN गाने के प्रॉपर क्रेडिट्स का भी जिक्र किया है।
‘धुरंधर’ की म्यूजिक लेगेसी, पहले FA9LA गाना और अब AAAHH MEN का जलवा
कई फैंस ने मेकर्स की इस बात के लिए तारीफ की कि म्यूजिक के लिए उन्होंने कुछ हटकर सोचा, वहीं कुछ का कहना है कि डोजा कैट के इस मॉडर्न गाने से ‘धुरंधर 2’ में इंटरनेशनल फील आ रहा है। ‘धुरंधर’ ने पहले पार्ट से म्यूजिक की जो लेगेसी शुरू की, उसे दूसरे पार्ट में भी बरकरार रखा है। पहले पार्ट के टीजर में मेकर्स ने हनुमानकिंड और जैस्मीन सैंडलस के गाए गान ‘ना दे दिल परदेसी नु’ (जोगी) दिखाया गया था। वह गाना साल 1995 के एक पंजाबी क्लासिक का मॉडर्न रीमेक था।
FA9LA का दुनिया में बजा डंका, बनाया गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड
इसके अलावा बहरीन के रैपर फ्लिपराची का FA9LA भी शामिल किया गया था, जो बेहद पॉपुलर हुआ। इस गाने को ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट में बलूचिस्तान में अक्षय खन्ना के डांस सीक्वेंस के दौरान इस्तेमाल किया गया था। उसके बाद यह इतना वायरल हुआ कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तक में जगह बना ली। इस गाने ने Billboard Arabia Charts में सबसे लंबे समय तक नंबर 1 पर रहने का रिकॉर्ड बनाया।
अब ‘धुरंधर 2’ में डोजा कैट के गाने AAAHH MEN का इस्तेमाल किया गया है। आइए इस गाने और इसके सिंगर के बारे में बताते हैं:
कौन हैं डोजा कैट और क्या है उनका गाना AAAHH MEN?
AAAHH MEN गाने को डोजा कैट (Doja Cat) ने गाया है। पहले इस गाने का नाम Amen था। इसे 26 सितंबर 2025 को ही रिलीज किया गया। यह गाना डोजा कैट के पांचवे स्टूडियो एल्बम Vie का हिस्सा है। डोजा कैट की बात करें, तो वह अमेरिका की पॉपुलर रैपर, सिंगर, सॉन्गराइटर और रिकॉर्ड प्रोड्यूसर हैं। उनका असली नाम Amala Ratna Zandile Dlamini है। डोजा कैट को ‘पॉप रैप की क्वीन’ कहा जाता है। डोजा कैट को बिलीबोर्ड ने दुनिया की सबसे बड़ी पॉप स्टार बताया था।
सुनिए डोजा कैट का AAAHH MEN गाना, जो ‘धुरंधर 2’ से बटोर रहा चर्चा:
यहां देखिए ‘धुरंधर 2’ का टीजर:
डोजा कैट के रिकॉर्ड्स, करियर और अवॉर्ड्स
डोजा कैट ने कम उम्र में ही म्यूजिक बनाना शुरू कर दिया था। साल 2023 में टाइम मैगजीन ने उन्हें सबसे पॉपुलर हस्तियों की लिस्ट में शामिल किया था। डोजा कैट अब तक की सबसे ज्यादा बेस्ट सेलिंग फीमेल रैपर्स में से एक हैं, जिनके 2018 से 2022 के बीच 34 मिलियन से अधिक रिकॉर्ड बिके। साल 2020 से लेकर अब तक डोजा कैट ने सैंकड़ो अवॉर्ड्स जीते हैं, जिनमें एक ग्रैमी अवॉर्ड, 6 बिलीबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड्स, 5 अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड्स, 6 एमटीवी म्यूजिक वीडियो अवॉर्ड्स और 8 iHeartRadio म्यूजिक अवॉर्ड्स शामिल हैं। ग्रैमी अवॉर्ड्स में डोजा कैट को 19 बार नॉमिनेशन मिला था।













