शुक्रवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका से 155 किलोमीटर का सफर तय कर एक लग्जरी बस अखौरा इंडीग्रेटेड चेक पोस्ट होते हुए अगरतला पहुंची। शनिवार सुबह त्रिपुरा रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (TRTC) के डिपो से वापस ढाका के लिए रवाना हुई। इस तरह से क्रॉस-बॉर्डर ट्रायल रन पूरा हुआ।
जल्द ही शुरू हो सकती है बस सेवा
अधिकारियों का कहना है कि यह कदम बांग्लादेश की नई सरकार के निर्देशों के बाद उठाया गया है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो अगरतला-ढाका बस सेवा जल्द ही फिर से चालू हो सकती है।
क्यों बंद हुई?
2024 में बांग्लादेश में तत्कालीन पीएम शेख हसीना को सत्ता से हटा दिया गया था, जिसके बाद भारत-बांग्लादेश के रिश्ते खराब हो गए थे। इस दौरान ही अगरतला-ढाका बस सर्विस को बंद कर दिया गया था।
कब शुरू हुई थी ढाका-अगरतला बस सेवा
यह बस सेवा 2003 में शुरू हुई थी। कोरोना महामारी के दौरान यह थोड़े समय के लिए रुकी थी, लेकिन जून 2022 में फिर से शुरू हो गई थी। अब बांग्लादेश में नई सरकार के आने और वहां की स्थिति के स्थिर होने के बाद, इस रूट को फिर से चालू करने की कोशिशें हो रही हैं। यह रूट त्रिपुरा को ढाका के रास्ते कोलकाता से जोड़ता है। इससे भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र और पूर्वी राज्यों के बीच बांग्लादेश के जरिए यात्रा आसान हो जाती है।
जल्द शुरू होगी टूरिस्ट वीजा सेवाएं
अधिकारी ने बताया, ‘बांग्लादेश से अगरतला के लिए टूरिस्ट वीजा सेवाएं भी जल्द ही शुरू की जाएंगी। इससे पर्यटकों, व्यापारियों और उन परिवारों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी जिनके रिश्तेदार दोनों देशों में रहते हैं।’
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा, ‘मैं अगरतला को ढाका के रास्ते कोलकाता से जोड़ने वाली भारत-बांग्लादेश बस सेवा को फिर से शुरू करने के इस कदम का स्वागत करता हूं। बांग्लादेश में चुनी हुई सरकार के गठन से अनिश्चितता खत्म हो गई है। यह द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक अच्छा संकेत है। हमें उम्मीद है कि अन्य मुद्दों पर भी बात बनेगी।’













