एक्शन और थ्रिलर के दीवानों के लिए गैब्रियल बासो की ‘द नाइट एजेंट’ अपने धमाकेदार सीजन 3 के साथ लौट रही है। इसके अलावा, नई इरोटिक थ्रिलर वेब सीरीज ’56 डेज’ और एक साउथ कोरियान रोमांटिक-ड्रामा फिल्म भी है। आइए, एक नजर डालते हैं इस हफ्ते नई OTT रिलीज की लिस्ट पर-
Tu Meri Main Tera Main Tera Tu Meri (February 19)
कहां देखें- Prime Video
समीर विद्वांस के डायरेक्शन में बनी ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी‘ बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल नहीं दिखा पाई थी। अब कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की यह रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ओटीटी पर रिलीज हो रही है। हमने पहले भी ऐसे कई मामले देखे हैं, जब सिनेमाघरों में पस्त फिल्मों को डिजिटल स्क्रीन पर दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया है। खैर, TMMTMTTM की कहानी में लॉस एंजिल्स का वेडिंग प्लानर रेहान ‘रे’ मेहरा (कार्तिक आर्यन) है, जो सीरियस रिश्तों के बजाय कैज़ुअल डेटिंग को ज्यादा अहमियत देता हैं। उसकी मां पिंकी (नीना गुप्ता) है। क्रोएशिया की एक ट्रिप के दौरान, उनकी मुलाकात रूमी वर्धन (अनन्या पांडे) से होती है, जो आगरा की रहने वाली है और राइटर बनना चाहती है। रूमी 90 के दशक के पुराने बॉलीवुड रोमांस में यकीन रखती है। दोनों दस दिन के सफर में एक-दूसरे के करीब आते हैं, लेकिन अपने परिवारों के प्रति उनके कमिटमेंट बीच में आ जाते हैं। रे अपनी मां के प्रति समर्पित है और रूमी अपने रिटायर्ड पिता (जैकी श्रॉफ) के प्रति फर्ज से बंधी। दोनों की यह कहानी क्या करवट लेती है, यह आपको फिल्म देखकर पता चलेगा।
Kennedy (February 20)
कहां देखें- ZEE5
अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी ‘केनेडी‘ साल 2023 में कान फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई थी। वहां इसे स्टैंडिंग ओवेशन मिला था। अब यह फिल्म सिनेमाघरों की बजाय भारत में सीधे ओटीटी पर रिलीज हो रही है। कहानी में उदय शेट्टी, उर्फ केनेडी (राहुल भट्ट) है, जिसे नींद न आने की बीमारी है। वह एक पूर्व पुलिस अफसर है, जिसे दस्तावेजों में मरा हुआ मान लिया गया था। अपनी बीमारी से जूझता केनेडी अब करप्ट सिस्टम के लिए सीक्रेटली हिटमैन का काम करता है और मुक्ति की तलाश में है। दिन में, वह टैक्सी ड्राइवर का काम करता है, और रात में पुलिस कमिश्नर के लिए किराये का किलर बन जाता है। इस दोहरी जिंदगी को जीते हुए केनेडी की मुलाकात चार्ली (सनी लियोन) से होती है। यह रिश्ता उसकी जिंदगी की दिशा और दशा दोनों बदल देता है।
Lucky The Superstar (February 20)
कहां देखें- JioHotstar
‘लकी द सुपरस्टार’ एक मजेदार तमिल कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है। इसे उदय महेश ने डायरेक्ट किया है, जिन्होंने ‘द फैमिली मैन’ में चेल्लम सर का किरदार निभाया है। कहानी एक खोए हुए और मासूम डॉगी की है। यह प्यारा पपी एक बच्चे के इमोशनल रिकवरी में अहम रोल निभाता है और साथ ही एक टूटे हुए परिवार में खुशी लाता है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब एक राजनीतिक पहल के तहत इस पपी को दूसरे आवारा कुत्तों के साथ ले जाया जाता है। इससे उस बच्चे की जिंदगी पर बुरा असर पड़ता है। फिल्म में जीवी प्रकाश कुमार हैं, जो लकी नाम के इस पपी को वापस लाने के मिशन पर निकल पड़ते हैं। यह फिल्म एक इमोशनल राइड की तरह है। आप इसे हिंदी डब वर्जन में भी देख सकते हैं।
56 Days (February 18)
कहां देखें- Prime Video
यह एक नई इरोटिक थ्रिलर वेब सीरीज है। ओलिवर और सियारा एक सुपरमार्केट में मिलते हैं और एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाते हैं। यह प्यार बहुत जल्दी दीवानगी में बदल जाता है। मुलाकात के 56 दिन बाद, होमिसाइड इन्वेस्टिगेटर ओलिवर के अपार्टमेंट में पहुंचते हैं। उन्हें एक अनजान लाश मिलती है, जिसे बेरहमी से मारा गया था और जानबूझकर सड़ा दिया गया था। कहानी दो प्रेमियों के बाद एक उलझे हुए रहस्य और जांच की यात्रा में बदल जाती है। ’56 डेज’ कैथरीन रयान हॉवर्ड के बेस्टसेलिंग नॉवेल से अडैप्टेड है। इसमें कुल 8-एपिसोड हैं। इस इरोटिक थ्रिलर में डव कैमरून और अवन जोगिया ने काम किया है।
The Night Agent Season 3 (February 19)
कहां देखें- Netflix
पॉपुलर एक्शन-थ्रिलर सीरीज ‘द नाइट एजेंट’ अपने तीसरे सीजन के साथ लौट आया है। इस बार पीटर सदरलैंड को एक यंग ट्रेजरी एजेंट को ट्रैक करने का काम सौंपा गया है, जिसने अपने बॉस को मार डाला है। वह सेंसिटिव सरकारी इंटेलिजेंस लेकर इस्तांबुल भाग गया है। इस केस का पीछा करते हुए पीटर इस्तांबुल, मेक्सिको सिटी, वाशिंगटन, न्यूयॉर्क और डोमिनिकन रिपब्लिक में फैले एक डार्क मनी नेटवर्क में फंस जाता है। उसका सामना व्हाइट हाउस के बीचों-बीच एक खतरनाक साजिश से होता है। यहां पीटर की जोड़ी इसाबेल (जेनेसिस रोड्रिगेज) से बनती है, जो एक जर्नलिस्ट है। वह कॉर्पोरेट सीक्रेट्स की अपनी इन्वेस्टिगेशन को इस फेडरल मिशन से जोड़ती है। गैब्रियल बासो के साथ इस बार लुइस हर्थम और अमांडा वॉरेन भी हैं।
The Swedish Connection (February 19)
कहां देखें- Netflix
यह एक वॉर-ड्रामा फिल्म है। कहानी 1942 में सेट है, जब स्वीडन जर्मनी को भड़काने और कब्जे के खतरे से बचने के लिए लो प्रोफाइल रहने की कोशिश करता है। कहानी विदेश मंत्रालय के लीगल डिपार्टमेंट के हेड गोस्टा एंगेल (हेनरिक डोरसिन) पर केंद्रित है, जो देश की न्यूट्रैलिटी बनाए रखने के लिए शुरू में ज्यादातर यहूदी वीज़ा एप्लीकेशन को ऐसे ही छोड़ देता है। हालांकि, नए स्टाफ मेंबर, रुट वोगेल के आने से माहौल बदल जाता है, क्योंकि वे हजारों यहूदियों की जान बचाने के लिए मिलकर काम करना शुरू कर देते हैं। यह स्वीडिश हिस्टोरिकल ड्रामा एक ऐसे वॉर हीरो की अनकही सच्ची कहानी बताता है, जिसने तथाकथित न्यूट्रल स्वीडन को एक मोरल सुपरपावर में बदल दिया।
Firebreak (February 20)
कहां देखें- Netflix
‘फायरब्रेक’ एक स्पैनिश साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है। यह मारा की कहानी है, जो अपने पति की मौत के बाद, अपनी बेटी लाइड, देवर लुइस, उसकी पत्नी एलेना और बेटे के साथ परिवार के समर हाउस में जाती है। कोशिश ये है समर हाउस को बेचा जाए और आखिरकार पुराने जख्मों को भरा सके। लेकिन यह फैसला जल्द ही एक बुरे सपने में बदल जाता है, क्योंकि एक बहस के बाद, लाइड बिना किसी निशान के जंगल में गायब हो जाती है। हालात तब और बिगड़ जाते हैं, जब इलाके में बेकाबू जंगल की आग लग जाती है। अब मारा को अपनी बेटी तक पहुंचना है, इससे पहले कि आग की लपटें उस तक पहुंचे।
Heated Rivalry (February 20)
कहां देखें- Lionsgate Play
‘हीटेड राइवलरी’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा सीरीज है। यह प्रोफेशनल दुश्मन हॉकी प्लेयर शेन हॉलैंडर (हडसन विलियम्स) और इल्या रोजानोव (कॉनर स्टॉरी) के एक सीक्रेट रोमांस से शुरू होती है, जो सालों तक चलता है। वे फेम, प्रोफेशनल झगड़े और एक मर्दाना खेल में खुलकर सामने आने के डर के दबाव से भी जूझते हैं। छह एपिसोड की यह हॉट कैनेडियन स्पोर्ट्स सीरीज रेचल रीड की ‘गेम चेंजर्स’ नॉवेल सीरीज पर आधारित है। यह दिखाती है कि अलग-अलग पर्सनल बैकग्राउंड वाले दो प्लेयर्स के बीच रिश्ता कैसे बनता है और उनका इमोशनल कनेक्शन कैसे खेल पर हावी हो जाता है।
Pavane (February 20)
कहां देखें- Netflix
यह एक साउथ कोरियन रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। कहानी, एक डिपार्टमेंटल स्टोर में काम करने वाले तीन ऐसे लोगों की है, जो इमोशनली सोचना बंद कर चुके हैं। ये लोग धीरे-धीरे एक-दूसरे के लिए उम्मीद की किरण बन जाते हैं। आखिरकार जिंदगी और प्यार का सामना करना सीख जाते हैं। इनमें, मी-जियोंग समाज की जजमेंटल नजरों से दूरी बनाए रखती है, यो-हान एक आजाद ख्यालों वाला आदमी है, जिसे रॉक म्यूजिक का शौक है और वह पार्किंग लॉट में काम करता है, और ग्योंग-रोक ने सपनों को जिंदगी की प्रैक्टिकल जरूरतों के लिए बदल दिया है। तीनों एक अंडरग्राउंड पार्किंग लॉट में मिलते हैं, जहां ग्योंग-रोक तुरंत रहस्यमयी मी-जियोंग की तरफ खिंच जाता है। पार्क मिन-ग्यू के नॉवेल ‘पावने फॉर ए डेड प्रिंसेस’ से लिया गया यह कोरियन रोमांस खुद को तलाशने और इमोशनल हीलिंग की दास्तान है।













