वैलेंटाइन का मौसम है, ऐसे में रोमांस की चाहत को पूरा करने ‘लव मी लव मी’ आ रही है, तो साइंस-फिक्शन की दुनिया से ‘प्रीडेटर बैडलैंड्स’ भी इसी वीकेंड में ओटीटी पर दस्तक दे रही है। नयनतारा और चिरंजीवी की सुपरहिट फिल्म ‘मन शंकर वर प्रसाद गारू’ भी आपकी डिजिटल स्क्रीन पर होगी, वो भी हिंदी में। तो फिर आइए, बिना देर किए, एक नजर डालते हैं नई OTT रिलीज की इस लंबी लिस्ट पर-
Kohrra Season 2 (February 11)
कहां देखें- Netflix
‘कोहरा’ सीजन 1 की शानदार सफलता के बाद असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अमरपाल गरुंडी के रोल में बरुण सोबती वापस आ रहे हैं। जगराना को पीछे छोड़कर अब वह दलेरपुरा पुलिस स्टेशन में पोस्टेड हैं। यहां वे नई कमांडिंग ऑफिसर धनवंत कौर (मोना सिंह) के अंडर काम करते हैं। एक नया मर्डर केस है, जहां एक औरत (पूजा भमराह) की हत्या उसके ही भाई के घर में हुई है। मामला इस बार भी NRI वाला है। उसका पति (रणविजय सिंह) समेत कई लोग पुलिस की जांच और शक के दायरे में हैं। इस बार ‘कोहरा सीजन 2‘ की कहानी सिर्फ एक हत्या की गुत्थी नहीं सुलझाती, यह हमारे समाज की सोच में रचे-बसे कुरीतियों पर भी वार करती है।
Amar Vishwas (February 11)
कहां देखें- Amazon MX Player
‘अमर विश्वास’ एक नई वेब सीरीज है। राजीव खंडेलवाल लीड रोल में हैं। मीडिया में हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की खूब चर्चा है। सब इसे ‘ओपन-एंड-शट’ बता रहे हैं, लेकिन राजीव खंडेलवाल तेज-तर्रार वकील बनकर इस केस में न्याय दिलाने का जिम्मा संभालते हैं। जेसु मोमिन नाम के एक फिल्म प्रोड्यूसर की बेरहमी से हत्या कर दी गई है, और बहार चक्रवर्ती नाम की एक लड़की पर शक है। कहानी सुहास शिरवलकर के लिखे मशहूर नॉवेल पर आधारित है। वकील विश्वास को इस मामले में एक बड़ी साजिश का शक है। कोर्ट में अमर विश्वास का सामना अपने पुराने मेंटर से होता है। अब उसे सच्चाई का पता लगाना है, धोखे के खतरनाक जाल में फंसने से खुद को बचाना है। न्याय दिलाना है।
Mana Shankara Vara Prasad Garu (February 12)
कहां देखें- ZEE5
मूल रूप से तेलुगू में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। कहानी में शंकर वर प्रसाद (चिरंजीवी) हैं, जो एक नेशनल सिक्योरिटी गार्ड अफसर है। वह अपनी अलग रह रही पत्नी शशिरेखा (नयनतारा) और बच्चों के पास लौटने का तरीका ढूंढ़ रहा है। शंकर का तलाक शशिरेखा के पिता (सचिन खेडेकर) की वजह से हुआ है। दामाद और ससुर में ईगो क्लैश है। लेकिन इस बीच कुछ ऐसा होता है कि शंकर को ही अपने पूर्व ससुर की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंप दी जाती है। एक हत्या की साजिश रची जा रही है। शंकर वर प्रसाद को हत्यारों को रोकना है। साजिश का पता लगाना है, अपने बिखरे हुए परिवार को पाना है। लेकिन क्या वह ये सब कर पाएगा, क्योंकि शशिरेखा की दूसरी शादी होने वाली है। यह सब जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी। यह हिंदी में भी स्ट्रीम होगी।
The Burbs (February 9)
कहां देखें- JioHotstar
‘द बर्ब्स’ एक डार्क कॉमेडी सीरीज है। कहानी में नए-नए पैरेंट्स बने समीरा (केके पामर) और रॉब (जैक व्हाइटहॉल) हिंकले हिल्स में एक अनोखी गली, ऐशफील्ड प्लेस पर रॉब के बचपन के घर में शिफ्ट हो जाते हैं। लेकिन उनकी शांत जिंदगी जल्दी ही तब बिखर जाती है, जब एक रहस्यमयी आदमी सड़क के उस पार एक खाली विक्टोरियन घर में रहने आता है। वह घर 20 साल से खाली पड़ा है। जब समीरा को कुछ अजीब हरकतें दिखती हैं, तो वह शक करने लगती है। उसे अंदेशा होने लगता है कि ‘द सेफेस्ट टाउन इन अमेरिका’ में चीजें वैसी नहीं हैं, जैसी दिखती हैं। यह आठ-एपिसोड की डार्क कॉमेडी 1989 की टॉम हैंक्स की कल्ट क्लासिक को मॉडर्न सबअर्बन अंदाज में फिर से दिखाती है।
This is I (February 10)
कहां देखें- Netflix
‘दिस इज आई’ एक जापानी LGBTQ+ ड्रामा फिल्म है। कहानी आइडल बनने की चाह में परेशान केंजी की है, जिसे अब एक कैबरे में अपनापन मिलता है। वह इस नए रास्ते पर चलने के लिए डॉक्टर से मदद लेती है। स्टेज पर अपने असली रूप, ‘ऐ हारुना’ बनकर उभरती है। यह बायोग्राफिकल ड्रामा केंजी के सेको मात्सुडा की तरह आइडल बनने के सफर और जापान में पहली जेंडर कन्फर्मेशन सर्जरी से गुजरने के सफर को दिखाती है, जिसे जाने-माने डॉ. वाडा ने किया था।
Motorvalley (February 10)
कहां देखें- Netflix
‘मोटरवैली’ एक मिनी सीरीज है। आर्टुरो, एलेना और ब्लू ने अपनी जिंदगी में लगभग सब कुछ खो दिया है, लेकिन एक चीज उन्हें अब भी खुश करती है: कारों और एड्रेनालाईन के लिए उनका प्यार। एलेना, डायोनिसी परिवार की एक यंग मेंबर और मशहूर मोटरस्पोर्ट टीम की मालिक है। उसे अब अपने भाई के साथ फैमिली बिजनेस में फिर से अपनी भूमिका निभानी है। वह ब्लू को काम पर रखती है, जो एक गुस्सैल नौजवान है और जिसे स्पीड से बहुत ज्यादा लगाव है, और आर्टुरो, एक मशहूर पायलट है जो अब अच्छा नहीं कर पा रहा है। एमिलिया-रोमाग्ना की ऐतिहासिक मोटर वैली में सेट और इटैलियन ग्रैन टूरिज्मो चैंपियनशिप के असली फुटेज के साथ, यह इटैलियन रेसिंग ड्रामा सीरीज इमोला, मोंजा, मुगेलो और वैलेलुंगा के सर्किट में कुछ कर गुजरने की चाहत, मुक्ति और खतरनाक स्पीड का रोमांचक मेल लेकर आई है।
Cross season 2 (February 11)
कहां देखें- Prime Video
‘क्रॉस सीजन 2’ की कहानी में अरबपति बिजनेसमैन लांस डूरंड (मैथ्यू लिलार्ड), एक अरबपति प्लेबॉय के मर्डर से जुड़ी जान की धमकी मिलने के बाद FBI को सुरक्षा के लिए बुलाता है। डिटेक्टिव एलेक्स क्रॉस (एल्डिस हॉज) और FBI एजेंट कायला क्रेग (एलोना टैल) डूरंड को बचाने और कातिल को ढूंढने के लिए एक नए जॉइंट मिशन को लीड करते हैं, जो अपने पीछे डरावने सुराग छोड़ जाता है। एक बेरहम विजिलेंट की तलाश जल्द ही एक विमेंसहंट बन जाती है, क्योंकि क्रॉस को पता चलता है कि कोई भ्रष्ट अरबपति अमीरों का पीछा कर रहा है।
Lead Children (February 11)
कहां देखें- Netflix
‘लीड चिल्ड्रन’ छह एपिसोड की एक ड्रामा वेब सीरीज है। कहानी 70 के दशक के सिलेसिया में सेट है। यंग डॉक्टर जोलांटा वाडोस्का-क्रोल (जोआना कुलिग) देखती हैं कि सोपिएनिस स्टीलवर्क्स के पास रहने वाले बच्चे हेवी मेटल कंटैमिनेशन की वजह से लेड पॉइजनिंग से बीमार पड़ रहे हैं। अपनी खोज के बाद, वह बीमार बच्चों को बचाने की कोशिश करती है और कम्युनिस्ट सरकार का सामना करती है। सच्ची घटनाओं पर आधारित, यह सीरीज कम्युनिस्ट पोलैंड के दौरान अपर सिलेसिया के इंडस्ट्रियल माहौल में डॉ. वाडोस्का-क्रोल के खतरनाक राजनीतिक असर और सोशल मिशन को दिखाती है।
State of Fear (February 11)
कहां देखें- Netflix
‘स्टेट ऑफ फियर’ एक ऐसी ब्राजीलियन थ्रिलर फिल्म है, जो आपको पलक झपकने का भी मौका नहीं देती है। यह ‘ब्रदरहुड सीरीज’ का पहला स्पिन-ऑफ है। कहानी में ब्रदरहुड गैंग के मेन लीडर्स को मैक्सिमम-सिक्योरिटी जेलों में ट्रांसफर कर दिया जाता है, जिससे ग्रुप की स्टेबिलिटी को खतरा होता है। इसके फाउंडर एडसन (स्यू जॉर्ज) की 18 साल की बेटी एलिसा (कैमिला डैमियाओ) को कुछ भ्रष्ट पुलिसवाले किडनैप कर लेते हैं। उसकी आंटी क्रिस्टीना (नारुना कोस्टा) उसे बचाने की कोशिश करती है। लेकिन बचा नहीं पाती। अब यह गैंग ‘स्टेट ऑफ फियर’ का ऑर्डर देता है। इसका असर ये है कि पुलिस स्टेशनों और सिक्योरिटी फोर्सेज पर हिंसक हमलों की लहर चल पड़ती है। यह जो साओ पाउलो में अफरा-तफरी मचा देती है।
How to Get to Heaven from Belfast (February 12)
कहां देखें- Netflix
यह वेब सीरीज बचपन की तीन दोस्तों की कहानी है। इनमें एक चालाक टीवी राइटर साओर्से (रोइसिन गैलाघर), तीन बच्चों की ग्लैमरस मां रॉबिन (सिनेड कीनन), और भरोसेमंद केयरर डारा (काओइलफियोन ड्यून) है। इस तिकड़ी को अपनी चौथी दोस्त की मौत की खबर मिलती है, जो उनसे अलग हो गई थी। उसके जाने के बाद हुई कई डरावनी घटनाओं की वजह से वे आयरलैंड और उसके बाहर एक अंधेरे, खतरनाक सफर पर निकल पड़ते हैं, क्योंकि हर कोई अपने पुराने राज़ को छिपाते हुए अतीत की सच्चाई को एक साथ लाने की कोशिश करता है।
Predator: Badlands (February 12)
कहां देखें- JioHotstar
साइंटिफिक-फिक्शन और एक्शन का मेल ‘प्रिडेटर बैडलैंड्स’ की OTT रिलीज का हर किसी को बेसब्री से इंतजार था। डेक, याउटजा जाति का एक एलियन सदस्य है, उसे अपने कबीले में शामिल होने के लिए खुद को काबिल साबित करना है। यह एलियंस का एक ऐसा परिवार है, जो सख्त नियमों का पालन करता है और जहां किसी भी तरह की कमजोरी बर्दाश्त नहीं की जाती। अपनी यात्रा के दौरान, वह वेयलैंड-यूटानी कॉर्पोरेशन की एक सिंथेटिक कर्मचारी थिया (एली फैनिंग) के साथ एक अनोखा रिश्ता बनाता है। यह इस फ्रैंचाइज फिल्म के लिए बड़ा बदलाव है, क्योंकि इसमें पहली बार एक प्रिडेटर को हीरो बनाया गया है। डैन ट्रैचटेनबर्ग (प्रे) के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘प्रिडेटर’ फिल्म बन गई है।
Love Me Love Me (February 13)
कहां देखें- Prime Video
‘लव मी लव मी’ की कहानी में जून (मिया जेनकिंस) है, जो अपने भाई की मौत के बाद, एक नई शुरुआत के लिए मिलान चली जाती है। वह एक एलीट इंटरनेशनल स्कूल में एडमिशन लेती है, जहां उसे विल (पेपे बारोसो सिल्वा) के साथ डेटिंग करके सुकून मिलता है। वह स्कूल का परफेक्ट ऑनर स्टूडेंट है। लेकिन उसके सबसे अच्छे दोस्त जेम्स (लुका मेलुची) के साथ उसकी दुश्मनी की वजह से हालात डगमगाते हैं। विल एक करिश्माई, परेशान लड़का है, जो चुपके से MMA फाइट्स में एक खतरनाक जिंदगी जीता है, यह भीतर छुपे उसके गुस्से को जबरदस्त अट्रैक्शन में बदल देता है और जून को सेफ्टी और एक ऐसे प्यार के बीच चुनने पर मजबूर करता है। यह फिल्म स्टेफानिया एस. के नॉवेल पर आधारित है।
Museum of Innocence (February 13)
कहां देखें- Netflix
‘म्यूजियम ऑफ इनोसेंस’ एक 9 एपिसोड की तुर्की में बनी सीरीज है। कहानी 70 के दशक के इस्तांबुल की है। अमीर बिजनेसमैन केमल (सेलाहतिन पासाली) की सगाई एक सोशलाइट से हुई थी। उसकी पूरी जिंदगी तब बदल जाती है, जब उसे खूबसूरत शॉपगर्ल फ्यूसन (एल्युल लिज़ कैंडेमिर) से प्यार हो जाता है। लेकिन तभी वह रहस्यमय तरीके से गायब हो जाती है। केमल सालों तक उसके पीछे पागल रहता है, फिर एक रात के लिए वह उससे मिलता है और हमेशा के लिए अलग हो जाता है। अपनी भावनाओं के लिए पूरी दुनिया से लड़ने को तैयार, केमल अपनी प्रेमिका के झुमके, हेयर क्लिप और यहां तक कि उसके फेंके हुए सिगरेट के टुकड़े भी इकट्ठा करना शुरू कर देता है। अपने प्यार को श्रद्धांजलि देने के लिए, वह फ्यूसन के पुराने घर को एक म्यूजियम में बदल देता है, जिसमें उनके छोटे से रिश्ते की सभी यादगार चीजें हैं। यह फिल्म नोबेल प्राइज जीत चुके राइटर ओरहान पामुक के इसी नाम के बेस्टसेलिंग नॉवेल पर बनी है।
The Art of Sarah (February 13)
कहां देखें- Netflix
के-ड्रामा के शौकीन हैं, तो ‘द आर्ट ऑफ सारा’ एक थ्रिलर सीरीज के तौर पर आपका मनोरंजन करने आ रही है। सारा किम (शिन हे-सन) एक ऐसी औरत है जो लग्जरी लाइफ को अपनाना चाहती है, भले ही इसके लिए उसे अलग-अलग पहचान के जरिए कई झूठ बोलने पड़ें। लेकिन इस बीच उसकी लाश एक सीवर में मिलती है। डिटेक्टिव पार्क म्यू-ग्योंग (ली जुन-ह्युक) इस मामले की जांच करता है। पता चलता है कि सारा एक लग्जरी ब्रांड बुदुआ की एशिया ब्रांच की पुरानी हेड है। जैसे-जैसे म्यू-ग्योंग गहराई से जांच करता है, सारा की रहस्यमयी पहचान, जिसमें अलग-अलग नाम, उम्र, काम और बैकग्राउंड शामिल हैं, धीरे-धीरे सामने आती है।
The Conjuring: Last Rites (February 13)
कहां देखें- JioHotstar
डर में रोमांच मिलता है, तो ‘द कॉन्ज्यूरिंग: लास्ट राइट्स‘ आपके लिए है। कहानी 1986 में, पेन्सिलवेनिया में स्मर्ल परिवार की है। एक एंटीक आईना खरीदने के बाद यह परिवार पैरानॉर्मल एक्टिविटीज का सामना करने लगता है। यह आईना असल में शैतान के लिए एक चैनल का काम करता है। बदला लेने वाली इस आत्मा का कनेक्शन लोरेन और जूडी (एड और लोरेन वॉरेन की बेटी) से होता है, जिससे वॉरेन परिवार को स्मर्ल्स और खुद को बचाने के लिए आईने को तबाह करने का तरीका ढूंढना पड़ता है। ‘द कॉन्ज्यूरिंग यूनिवर्स’ के इस नौवें और आखिरी पार्ट में पैट्रिक विल्सन और वेरा फार्मिगा हैं, जो पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर के अपने रोल में लौटे हैं।













