वर्ल्ड कप डेब्यू पर उस्मान तारिक के अजीब एक्शन ने मचाया बवाल
अपने डेब्यू मैच में ही उस्मान तारिक ने अमेरिकी बल्लेबाजों की नाक में दम कर दिया। उन्होंने 4 ओवर में महज 27 रन देकर 3 विकेट झटके। हालांकि, उनकी गेंदबाजी से ज्यादा उनके एक्शन ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। तारिक गेंद फेंकने से ठीक पहले कुछ पलों के लिए रुक जाते हैं, बल्लेबाज के पैर की मूवमेंट देखते हैं और फिर गेंद रिलीज करते हैं। इस स्टॉप-एंड-गो एक्शन के कारण बल्लेबाजों के लिए उनकी टाइमिंग को पकड़ना नामुमकिन हो रहा है। जिसके कारण फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल कर रहे हैं। इसी बीच उन्हें भारतीय दिग्गज स्पिनर आर अश्विन का समर्थन मिला है।
उस्मान के एक्शन ने सोशल मीडिया पर मचाया बवाल
USA के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद एक फैन ने उस्मान के वीडियो पर नाराजगी जाहिर करते हुए X पर लिखा कि ‘अब तो फुटबॉल में भी पेनल्टी रन-अप के दौरान रुकने की अनुमति नहीं है। फिर क्रिकेट में यह कैसे सही है? एक्शन ठीक है, लेकिन डिलीवरी लोड करते समय यह ठहराव कतई स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।’ इस फैन का यह वीडियो और उसका पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद आर अश्विन ने इस फैन को करारा जवाब दिया।
अश्विन ने किया उस्मान का बचाव
भारत के स्टार स्पिनर आर अश्विन, जो हमेशा क्रिकेट के नियमों पर मुखर रहते हैं, उस्मान तारिक के समर्थन में उतर आए। अश्विन ने सोशल मीडिया पर इस आलोचना का करारा जवाब देते हुए लिखा कि ‘सहमत हूं कि फुटबॉल इसकी इजाजत नहीं देता! लेकिन जब बल्लेबाज को बिना अंपायर या गेंदबाज को बताए स्विच हिट या रिवर्स स्वीप खेलने की अनुमति है, तो पाबंदियां सिर्फ गेंदबाज पर ही क्यों? हकीकत तो यह है कि गेंदबाज को अंपायर को बताए बिना गेंदबाजी का हाथ तक बदलने की इजाजत नहीं है। पहले उस नियम को बदलना चाहिए।’ अश्विन का यह तर्क वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने साफ किया कि क्रिकेट का झुकाव बल्लेबाजों की तरफ ज्यादा है और गेंदबाजों को भी अपनी कला दिखाने की उतनी ही आजादी मिलनी चाहिए।
पाकिस्तान की हर सेक्टर में शानदार जीत
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने हर विभाग में अमेरिका को पछाड़ा। पिछले साल मिली सुपर ओवर की हार का बदला लेते हुए पाकिस्तान ने न केवल शानदार बल्लेबाजी की, बल्कि गेंदबाजी में उस्मान तारिक और शादाब खान की स्पिन ने अमेरिका को 32 रनों से पीछे छोड़ दिया। इस जीत ने पाकिस्तान को ग्रुप में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। यह उनकी टीम का लगातार दूसरी जीत थी। वह अब अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।













