अरिजीत सिंह का फैंस ने भावुक पोस्ट
अरिजीत सिंह ने 24 फरवरी को अपने X अकाउंट पर लिखा, ‘यह मैसेज सिर्फ मेरे श्रोताओं के लिए है। अगर आप मेरे श्रोता नहीं हैं, तो प्लीज इसे न पढ़ें और दाईं ओर स्वाइप न करें। यह एक विनम्र निवेदन है।’
फिर आगे अरिजीत सिंह ने लिखा कि भले ही उन्होंने और असाइनमेंट लेने बंद कर दिए हैं, पर फैंस को उनकी आवाज सुनने को मिलती रहेगी। अरिजीत सिंह ने लिखा है, ‘नमस्कार प्यारे लोगों। मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैं आप सभी से प्यार करता हूं। इस निर्दयी दुनिया में आपके प्यार और विनम्रता के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। हालांकि मैंने नए असाइनमेंट लेना बंद कर दिया है, लेकिन आप जानते हैं कि पेंडिंग गाने काफी सारे हैं। मुझे अभी बहुत सारे गाने पूरे करने हैं। लोगों को समझाने में समय बर्बाद न करें, आप कितनी बार समझाएंगे? इतने सारे अधूरे गाने हैं, जो पूरे होने तक रिलीज होते रहेंगे। शायद पूरे साल भर। शायद अगले साल तक भी। शांत रहें। इस प्लेटफॉर्म से दूर रहने की कोशिश करें। अपने शरीर से स्पाइक प्रोटीन निकालें, 5 ग्राम छोड़ दें, पढ़ें, प्यार करें, ध्यान करें। जय देवी।’
अरिजीत का एक और ट्वीट- आगे क्या होगा…
अरिजीत सिंह ने फिर एक और ट्वीट किया है, जिसमें लिखा है, ‘और फिर कौन जाने आगे क्या होगा।’
अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को किया था संन्यास का ऐलान, लिखा था यह पोस्ट
मालूम हो कि अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट में प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान किया था। उन्होंने लिखा था, ‘हैलो, सभी को नए साल की शुभकामनाएं। इतने सालों तक श्रोता बनकर मुझे बेशुमार प्यार देने के लिए आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मुझे यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि मैं अब प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नए असाइनमेंट्स नहीं लूंगा। इसे यहीं खत्म कर रहा हूं। ये सफर बहुत शानदार रहा।’
अरिजीत सिंह का सिंगिंग सफर और स्टारडम
पोस्ट में अरिजीत सिंह ने आगे लिखा था कि वह अच्छे म्यूजिक के फैन हैं और अपना काम जारी रखेंगे। वह म्यूजिक बंद नहीं करेंगे और छोटे आर्टिस्ट के तौर पर आगे भी सीखते रहेंगे। मालूम हो कि अरिजीत सिंह को म्यूजिक विरासत में मिला। उनकी मां शास्त्रीय गायिका थीं और मौसी तबला वादक रहीं। अरिजीत ने कम उम्र से ही म्यूजिक सीखना शुरू कर दिया था और फिर साल 2005 में सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ में हिस्सा लिया। साल 2013 में आई फिल्म ‘आशिकी 2’ के गाने ‘तुम ही हो’ से अरिजीत सिंह को पॉपुलैरिटी मिली और उनके करियर में अहम टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। हाल ही अरिजीत सिंह ने भगवान शिव शंकर का एक भजन रिलीज किया। इसके अलावा सलमान की ‘बैटल ऑफ गलवान’ में भी उन्होंने गाने गाए हैं।













