लेकिन घरेलू मैदान पर खेली जा रही ICC प्रतियोगिता में वह अभी तक अपना जलवा नहीं दिखा पाए हैं। अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद वह पेट के इंफेक्शन के कारण नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच में नहीं खेल पाए थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में वापसी की लेकिन खाता खोलने में नाकाम रहे।
स्पिनर्स के खिलाफ चाहिए भरोसा
दूसरे छोर पर ईशान किशन की शानदार फॉर्म के कारण अभिषेक के बल्ले से रनों की कमी का टीम की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ा है। किशन और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को आसानी से हरा दिया था। लेकिन लगातार दूसरे मैच में भारत के अन्य बल्लेबाजों ने किशन जैसा आत्मविश्वास नहीं दिखाया।
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने अपनी ‘राउंड आर्म’ और ‘बिहाइंड द स्टंप्स’ बोलिंग से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में एक अन्य अपरंपरागत स्पिनर उस्मान तारिक ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। नीदरलैंड्स के बोलिंग अटैक में बहुत अच्छे स्पिनर नहीं हैं और ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को उनको खेलने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
बुमराह कर सकते हैं रेस्ट
गेंदबाजी के मोर्चे पर भारत के पास सुपर-8 से पहले कुछ गेंदबाजों को आराम देने का विकल्प है, जिसमें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं। कोलंबो में अतिरिक्त स्पिन विकल्प के रूप में अर्शदीप सिंह के स्थान पर कुलदीप को चुनने के बाद उम्मीद है कि भारत फिर से दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के संयोजन पर वापस लौटेगा।
विरोधी टीमों ने अभिषेक के लिए की है अतिरिक्त तैयारी
अभिषेक जोखिम लेने से नहीं कतराते हैं और उनकी इस तरह की बेखौफ बल्लेबाजी से भारत को कई मैच में जीत भी मिली है। लेकिन इस 25 वर्षीय बल्लेबाज का पिछली छह पारियों में चार बार शून्य पर आउट होना यह संकेत देता है कि उन्हें पावरप्ले में अपनी रणनीति की समीक्षा करने की जरूरत है। अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाज की छवि को देखते हुए यह स्पष्ट है कि विरोधी टीमों ने भारत के इस ओपनर का सामना करने के लिए अतिरिक्त तैयारी की है।
अभिषेक स्वयं यह स्वीकार करते है कि उनके पास टीम के अन्य बल्लेबाजों की तरह शॉट की व्यापक रेंज नहीं है और वह क्रीज का उपयोग करने और अपने बल्ले की स्विंग पर भरोसा करते हैं ताकि विपक्षी टीम में खौफ पैदा कर सके। उन्हें पावरप्ले में डीप कवर बाउंड्री पर शॉट मारना पसंद है और विरोधी टीमों ने उनके लिए उस क्षेत्र में एक फील्डर तैनात करके समझदारी दिखाई है। अमेरिका और पाकिस्तान ने उनके लिए इसी तरह की फील्डिंग लगाई थी जिसमें डीप मिड विकेट भी शामिल था ।
कुछ आंकड़े
1) चार बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और नीदरलैंड्स की टक्कर हुई है और चारों ही बार बाजी टीम इंडिया के हाथ लगी है।
2) 16 लगातार मैच जीते हैं भारत ने अब तक ICC के टूर्नामेंट में। उसकी पिछली हार वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में आई थी।
टेलिकास्ट: शाम 7:00 बजे से स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर
संभावित प्लेइंग XI
भारतः अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
नीदरलैंड्सः माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), जैक लायन-काशेट, रोलोफ वॉन डर मर्व, लोगान वैन बीक, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लीन।














