फिलिप्स और रविंद्र की धांसू पारी
इस मैच में ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र ने कमाल की पारियां खेली। खासकर ग्लेन फिलिप्स ने 36 गेंदों पर नाबाद 76 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी में 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। वहीं 59 रन की नाबाद पारी खेलकर रचिन रविंद्र ने उनका खूब साथ दिया। इसके अलावा 21 रन फिन एलन ने भी बनाए। इस मैच में कनाडा के गेंदबाजी पूरी तरह लय में नजर नहीं आए, जिसका फायदा इन कीवी बल्लेबाजों ने उठाया।
बेकार गया युवराज सामरा का शतक
इससे पहले युवराज सामरा टी20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने जिससे कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट पर 173 रन का मजबूत स्कोर बनाया। भारत के विश्व कप विजेता ऑलराउंडर युवराज सिंह के नाम पर इस 19 वर्षीय खिलाड़ी का नाम रखा गया था और उन्होंने अपने नाम को सही साबित करते हुए आखिरी ओवर में आउट होने से पहले 65 गेंद पर 110 रन बनाए जिसमें 11 चौके और छह छक्के शामिल हैं।
युवराज सामरा ने किया कमाल
युवराज टूर्नामेंट में 19 साल और 141 दिन की उम्र में अर्धशतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने थे जिसमें उन्होंने अब नया अध्याय जोड़ा। यह तीसरा अवसर है जबकि कनाडा के किसी खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट में 50 या इससे अधिक रन बनाए। युवराज ने कप्तान दिलप्रीत बाजवा (39 गेंद पर 36) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी करके कनाडा को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन (निजी अवकाश) और मिशेल सेंटनर (अस्वस्थ) की अनुपस्थिति का पूरा फायदा उठाया।
एसोसिएट देश के पहले बल्लेबाज
यह पहला अवसर है जबकि किसी एसोसिएट देश के बल्लेबाज ने टी20 विश्व कप में शतक लगाया। उनकी इस पारी के दम पर कनाडा इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाने में सफल रहा। न्यूजीलैंड को अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा था लेकिन युवराज ने उनकी एक नहीं चलने दी। कीवी टीम की तरफ से जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और जेम्स नीशम ने एक एक विकेट लिया।














