पवन सिंह के कार्यक्रम को 13 लाख में कराने का लालच
मिली जानकारी के अनुसार, अमेठी जिले के गाजनपुर निवासी दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर सिंह लखनऊ में रहकर अपना एक म्यूजिकल बैंड चलाते हैं।इसी दौरान किसी कार्यक्रम में दिव्यांश की मुलाकात खुर्शीद अहमद और टीना भाई से हुई, जहां इन दोनों ने दिव्यांश की कलाकारी की सराहना करते हुए उसे भोजपुरी स्टार पवन सिंह का कार्यक्रम कराने की सलाह दी। उन्होंने दिव्यांश से कहा कि तुम पवन सिंह का कार्यक्रम कराओ, हम दोनों लोग मिलकर नफा-नुकसान में 50-50 देख लेंगे।
दोस्तों ने ठगा, ऐसे बनाया प्लान और दिया अंजाम
इसके बाद दिव्यांश ने अपने दोस्त आजमगढ़ निवासी निहाल सिंह को फोन किया और कार्यक्रम के बारे में बताया। निहाल ने कहा कि उसके पड़ोसी निशांत, अमन और नितिन का पवन सिंह से अच्छा रिश्ता है। आमतौर पर पवन सिंह किसी कार्यक्रम को लेकर 15 लाख की फीस लेते हैं, लेकिन निजी संबंधों के कारण वह 13 लाख की फीस में ही कार्यक्रम कर लेंगे। इसके बाद दिव्यांश ने इसकी सूचना टीना भाई और खुर्शीद को दी, जिसमें दोनों ने यह कहते हुए कहते हुए हामी भर दी कि कोई नहीं 10 लाख तक हम तुम्हें अभी भेज दे रहे हैं। आगे तुम देखो और कम होने पर देखा जाएगा।
नए साल पर पवन सिंह के प्रोग्राम का प्लान, पैसे भी ट्रांसफर
कार्यक्रम की डेट भी तय हो गई। 31 दिसंबर 2024 को नए साल की शुरुआत के पहले ही कार्यक्रम भी होना सुनिश्चित हो गया। इधर टीना भाई और खुर्शीद ने 14 से 15 दिसंबर के बीच अपने वादे के मुताबिक लगभग 10 लाख रुपये दिव्यांश के खाते में जमा करवा दिए। दिव्यांश ने अपने खाते से पांच लाख रुपये बुकिंग करवाने के लिए अपने दोस्त निहाल की माताजी किरण सिंह के खाते में भेज दिए और चार लाख नगद की धनराशि निहाल और निशांत को दे दी। बाकी वेन्यू बुकिंग, प्रचार, सिक्योरिटी और टेंट के नाम पर भी दिव्यांश से निहाल, निशांत, नवीन और अमन ने कुल पांच लाख रुपये और ले लिए। लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में पवन सिंह के कार्यक्रम की सारी तैयारियां हो गईं।
पवन सिंह की फर्जी ईमेल आईडी से दोस्त को बुकिंग कन्फर्मेशन किया
इधर पवन सिंह की फर्जी ईमेल आईडी से दिव्यांश को कार्यक्रम के लिए आश्वस्त करने के लिए बुकिंग की कन्फर्मेशन मेल भी आ गई, लेकिन दिव्यांश को झटका तब लगा जब वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पवन सिंह के कार्यक्रम का प्रचार प्रसार कर रहा था। 21 दिसंबर को पवन सिंह के मैनेजर का इंस्टाग्राम पर दिव्यांश को मैसेज आया कि पवन सिंह का कोई कार्यक्रम लखनऊ में बुक नहीं है। फेक प्रचार को बंद करो और इसे अभी डिलीट करो, नहीं तो हम तुमपर कानूनी कार्यवाही करेंगे।
दिव्यांश ने दोस्तों को मिलाया फोन तो टालने लगे
इसके बाद मानो दिव्यांश के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। दिव्यांश ने दोस्तों को फोन मिलाना शुरू किया तो वो यह कहकर टहलाने लगे कि देखते हैं। धीरे धीरे समय बीतता गया और दिव्यांश के ऊपर खुर्शीद और टीना भाई का पैसे वापस करने का दबाव बढ़ने लगा। लेकिन इधर इन चारों ने दूरी बनानी शुरू कर दी, जिसपर पूरी तरह से परेशान होकर दिव्यांश ने अपने दोस्तों के खिलाफ आजमगढ़ के अतरौलिया थाने में केस दर्ज करवाया।
चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
मीडिया से बातचीत में एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि पवन सिंह की बुकिंग कराने के के नाम पर चार लोगों ने ठगी किया है। जिसके संदर्भ में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आगे जांच की जा रही है जिसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
पवन सिंह फिल्मों और इवेंट्स की फीस, नेट वर्थ कितनी?
मालूम हो कि पवन सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े स्टार हैं। वह एक्टर ही नहीं सिंगर भी हैं और उनकी गिनती भोजपुरी के हाइएस्ट पेड स्टार्स में की जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह एक फिल्म के लिए 40-50 लाख रुपये फीस लेते हैं। इसके अलावा वह शोज और इवेंट्स से भी खूब कमाई करते हैं। एक इवेंट के लिए उनकी फीस 10-15 लाख रुपये बताई जाती है। वहीं गाने के लिए फीस दो से तीन लाख रुपये है। उनकी नेट वर्थ 16.75 करोड़ रुपये बताई जाती है।













