बुधवार रात 10 बजे बिटकॉइन करीब 67 हजार डॉलर पर था। पिछले 24 घंटे में इसमें करीब 0.70 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पाई नेटवर्क करीब 0.1876 डॉलर पर था। पिछले 24 घंटे में पाई नेटवर्क ने 42 फीसदी रिटर्न दिया है। कॉइनमार्केटकैप के मुताबिक टॉप 100 क्रिप्टोकरेंसी में पिछले 7 दिनों में पाई नेटवर्क कॉइन का रिटर्न सबसे ज्यादा रहा है।
Multibagger Stock: 1 लाख के बना दिए 3.46 करोड़ रुपये, पैसों की बारिश कर रहा यह शेयर, कभी 13 पैसे थी कीमत
पीक से काफी नीचे है पाई नेटवर्क
पाई नेटवर्क कॉइन में बेशक इस समय तेजी आई हो, लेकिन इसकी कीमत अपने पीक से काफी नीचे है। पिछले साल 27 फरवरी सुबह करीब 8:30 बजे पाई नेटवर्क कॉइन की कीमत 2.93 डॉलर पर पहुंच गई थी। यह इसकी अभी तक की पीक वैल्यू है। पीक पर पहुंचने के बाद इसमें जबरदस्त गिरावट आई। अब यह 0.1876 डॉलर है। ऐसे में यह अभी पीक के मुकाबले 90 फीसदी से ज्यादा नीचे गिरकर कारोबार कर रही है।
बिटकॉइन कर रही नुकसान
बिटकॉइन दुनिया की सबसे महंगी और प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी है। लेकिन यह अभी बुरे दौर से गुजर रही है। अक्टूबर में 1,26,000 डॉलर के अपने रिकॉर्ड स्तर से इसने करीब आधी कीमत गंवा दी है। बिटकॉइन को अक्सर ‘डिजिटल सोना’ कहा जाता है। इसकी वजह यह है कि सोने की तरह यह भी कोई डिविडेंड या मुनाफा नहीं देता। इसकी कीमत सिर्फ इस बात पर निर्भर करती है कि निवेशक इसे खरीदने के लिए कितना पैसा देने को तैयार हैं।
मार्केट कैप में आई गिरावट
पिछले 24 घंटे में क्रिप्टोकरेंसी के मार्केट कैप में भी गिरावट आई है। यह करीब 0.83% गिरकर 2.31 ट्रिलियन डॉलर रह गया है। पिछले एक महीने से इसमें लगातार गिरावट आ रही है। इस एक महीने में क्रिप्टो का ग्लोबल मार्केट कैप 25 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया है। दुनिया की सबसे महंगी और बड़ी क्रिप्टो बिटकॉइन भी इस एक महीने में करीब 28 फीसदी गिर गई है।
डिस्क्लेमर: क्रिप्टोकरेंसी में 24 घंटे कारोबार होता है। ऐसे में इनकी कीमत पल-पल बदलती रहती है। कुछ ही मिनटों में क्रिप्टोकरेंसी की कीमत काफी गिर जाती है और निवेशकों को बड़ा नुकसान हो जाता है। ऐसे में इसमें निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर ले लें।













