पारस डोगरा ने सेमीफाइनल में किया कारनामा
41 साल के पारस डोगरा रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में जम्मू-कश्मीर की टीम का हिस्सा हैं। वह टीम की कप्तानी भी कर रहे हैं। सेमीफाइनल मैच में बंगाल के खिलाफ डोगरा ने रणजी ट्रॉफी करियर में अपने 10 हजार रन पूरे किए। अपनी पारी का 11वां रन बनाते ही वह 10000 रनों तक पहुंचे गए। अभी तक उन्होंने रणजी ट्रॉफी में 146 मैच खेले हैं। इसमें 48 से ज्यादा की औसत से रन बनाए हैं। उनके पास 33 शतक दर्ज हैं।
रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन
| खिलाड़ी | मैच | रन | औसत | शतक |
| वसीम जाफर | 156 | 12038 | 56.51 | 40 |
| परस डोगरा | 146 | 10000* | 48.02 | 33 |
| अमोल मजूमदार | 136 | 9202 | 51.4 | 28 |
| देवेंद्र बुंदेला | 145 | 9201 | 45.32 | 24 |
| यशपाल सिंह | 118 | 8700 | 50.28 | 24 |
25 साल पहले हुआ था पारस का डेब्यू
2001/02 सीजन में पारस डोगरा ने रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था। 2018 तक वह हिमाचल के लिए खेले। 2018 से 2024 तक वह पोंडिचेरी टीम में चले गए। 2024 सीजन शुरू होने से पहले डोगरा जम्मू कश्मीर टीम के साथ जुड़ गए। रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा दोहरा शतक लगाने के मामले में पारस डोगरा चेतेश्वर पुजारा के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर काबिज हैं।
पश्चिम बंगाल के कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर पारस डोगरा ने 58 रनों की पारी खेली। 112 गेंदों पर उन्होंने 7 चौके मारे। मुकेश कुमार को उनका विकेट मिला। इस मुकाबले में बंगाल ने पहले खेलते हुए सुदीप कुमार घरामी के 146 रनों की मदद से 328 रन बनाए।













