खगोल विज्ञान में दिलचस्पी रखने वालों के लिए मंगलवार, 3 मार्च को आसमान में खास नजारा देखने का मौका होगा। यह सिर्फ वैज्ञानिक रुझान रखने वालों बल्कि आम लोगों के लिए भी एक शानदार अनुभव होगा। इस चंद्र ग्रहण को दुनिया के बड़े हिस्से के साथ भारत और एशिया के दूसरे देशों में देखा जा सकेगा।
ब्लड मून देखेगी दुनिया
पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान चांद 56 मिनट तक तक गहरे लाल रंग का नजर आएगा। चांद के लाल होने की इस घटना को ब्लड मून कहा जाता है। ब्लड मून तब होता है, जब पृथ्वी चांद तक सीधी धूप पहुंचने से रोकती है। पृथ्वी सीधे सूरज और चांद के बीच आ जाती है और वह लाल रंग का नजर आने लगता है।
चंद्र ग्रहण भारत-पाकिस्तान समेत तकरीबन पूरे एशिया में देखा जा सकेगा। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी अमेरिका और दक्षिण अमेरिका के कुछ हिस्सों में ग्रहण दिखेगा। हालांकि इसके समय में कुछ फर्क रहेगा। ग्रहण को सोमवार रात से मंगलवार शाम तक दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में देखा जाएगा।
चंद्र ग्रहण कैसे देख सकते हैं
सूर्य ग्रहण को सीधे देखने के लिए मना किया जाता है क्यों इससे आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंचता है। वहीं चंद्र ग्रहण नंगी आंखों से देखने के लिए पूरी तरह से सुरक्षित हैं। चंद्र ग्रहण को देखने के लिए किसी विशेष चश्मे की जरूरत नहीं है। आम लोग बिना किसी दूरबीन या दूसरे यंत्र के ही ग्रहण को देख सकते हैं।













