पाकिस्तानी सेना को 7 दिन का अल्टीमेटम
BLA ने कहा है कि उसके लड़ाकों ने ऑपरेशन हेरोफ 2.0 के दौरान पाकिस्तानी सेना के 7 जवानों को ओरंच इलाके से गिरफ्तार किया था। बलूच लिबरेशन आर्मी की कमांड काउंसिल ने इन सैनिकों की रिहाई के लिए अदला-बदली के लिए पाकिस्तान को 7 दिन का समय देने का फैसला किया है।
हक्काल मीडिया में जारी किए गए वीडियो में एक पाकिस्तानी सैनिक अपना नाम और रैंक बताता है और अपील करता है कि BLA की मांगों को पूरा करते हुए उसकी और साथी सैनिकों की रिहाई सुनिश्चित कराई जाए। BLA ने इन सैनिकों के साथ बड़ी मात्रा में हथियार जब्त किए थे। खास बात है कि इस वीडियो के सामने आने के बाद पाकिस्तानी सेना की किरकिरी होनी तय है जिसने अपने किसी सैनिक के बीएलए के कब्जे में होने की बात नहीं स्वीकार की थी।
BLA का ऑपरेशन हेरोफ 2.0 क्या था?
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने जनवरी के आखिर में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन शुरू किया था। बीएलए ने पूरे बलूचिस्तान में अलग-अलग 12 शहरों पर हमला बोल दिया था, जिसमें पाकिस्तानी सेना और दूसरे सुरक्षाबलों को निशाना बनाया गया था। पाकिस्तान ने इसे ऑपरेशन हेरोफ 2.0 नाम दिया था। बीएलए ने इस हमले में 200 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को मारने और कई को पकड़ने का दावा किया था। पाकिस्तानी सेना ने अपने सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकार की थी लेकिन यह संख्या काफी कम करके 17 बताई थी। पाकिस्तानी अधिकारियों ने नागरिकों समेत 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की बात कही थी।













