पाकिस्तानी सेना के 17 जवान अगवा
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता ने कहा कि उसके लड़ाकों ने मस्तुंग, पसनी, नोश्की, क्वेटा समेत कई शहरों पर पाकिस्तानी सेना, पुलिस और फ्रंटियर कोर के जवानों को निशाना बनाया। समूह ने दावा किया कि उसके लड़ाकों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के 200 से ज्यादा जवान मारे गए हैं। कम से कम 17 जवानों को पकड़ने का दावा किया है। हालांकि, बीएलए के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने 17 सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की बात कही है।
सरफराज बुगती ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि हमारे पास 145 आतंकवादियों की डेड बॉडी हैं। बीएलए ने अपने लड़ाकों के मारे जाने की बात स्वीकार की है लेकिन संख्या को कम बताया है। समूह ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान उसके 18 लड़ाके मारे गए हैं। इनमें मजीद ब्रिगेड के 11 आत्मघाती हमलावर, फतेह स्क्वाड के चार लड़ाके और STOS यूनिट के तीन लड़ाके शामिल थे।
BLA के हमले में महिला फिदायीन
बीएलए के ऑपरेशन की सबसे खास बात, इसमें महिला हमलावरों का शामिल होना है। समूह ने अपने बयान में माना है कि हमले में महिला फिदायीन आसिफा मेंगल भी शामिल थीं, जिसने नोश्की में ISI के दफ्तर को IED विस्फोट के जरिए निशाना बनाया। समूह के बयान के अनुसार, आसिफा मेंगल 2 अक्टूबर 2023 को बलूच लिबरेशन आर्मी की मजीद ब्रिगेड में शामिल हुई थीं। वह शुक्रवार को मारी गई।
हवा बलूच का वीडियो किया जारी
इसके अलावा समूह ने अपनी एक और फिदायीन हवा बलूच के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि उसने ग्वादर फ्रंट पर दूसरे फिदायीन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ी। समूह के चैनल हक्काल ने उसका आखिरी संदेश और वीडियो भी जारी किया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी स्वीकार किया है कि हमलों में महिला हमलावर शामिल थीं।
हमले पर BLA ने क्या कहा?
- बीएलए ने अपने बयान में कहा कि उसने 14 शहरों में 48 अलग-अलग जगहों पर हमला किया।
- इन हमलों में 200 से ज्यादा पाकिस्तानी जवानों के मारे जाने और 17 को पकड़ने का दावा किया।
- बीएलए ने अपने 18 लड़ाकों के मारे जाने की बात स्वीकार की है।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने क्या कहा?
- पाकिस्तानी सेना ने कहा कि शनिवार को ऑपरेशन में उसने 92 चरमपंथियों को मार दिया।
- इसके पहले बलूचिस्तान में अधिकारियों ने शुक्रवार को 42 बलूच लड़ाकों को मारे जाने की बात कही थी।
- बलूचिस्तान के सीएम सरफराज बुगती ने कहा कि उन्हें पहले ही हमले की योजना का पता चल गया था, जिससे प्री-ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।














