फर्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान ने कहा है कि उनकी पार्टी राष्ट्रहित में बीएनपी के साथ काम करना चाहती है। जमात नेता ने कहा कि उनकी पार्टी 12 फरवरी के चुनाव और नई सरकार बनने से पहले तारिक रहमान के साथ बातचीत चाहते हैं। शफीकुर्रहमान ने गुरुवार शाम को BNP के दफ्तर में खालिदा जिया की शोक सभा में यह बातें कही हैं।
BNP को मनाने की कोशिश
शफीकुर्रहमान ने तारिक रहमान और बीएनपी के वरिष्ठ नेताओं से खालिदा जिया की मौत के बाद मुलाकात की है। बैठक के दौरान रहमान ने BNP और जमात के लंबे समय तक रहे गठबंधन को याद किया। उन्होंने कहा कि हमने अतीत में देश हित में एक साथ काम किया है। अल्लाह ने चाहा तो हम भविष्य में भी देश के लिए काम करना जारी रखेंगे।
शफीकुर्रहमान ने कहा है कि अगले पांच सालों में राष्ट्रीय स्थिरता के लिए और एक स्वस्थ राजनीतिक माहौल बहाल करने के लिए हमें सामूहिक रूप से रचनात्मक विकल्पों पर सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जमात दो साल की उथल-पुथल के बाद बांग्लादेश में सरकार बनाने से पहले BNP के साथ एक बैठक करने की योजना बना रही है।
क्या डरे हुए हैं रहमान?
बीडी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रहमान ने खालिदा जिया को याद करते हुए उनको बांग्लादेश में लोकतंत्र बहाल करने वाली नेता बताया। जमात नेता की बीएनपी से नजदीकी बढ़ाने की कोशिश को एक्सपर्ट चुनाव के बारे में उनके डर से जोड़ रहे हैं। खासतौर से तारिक रहमान की ढाका वापसी के बाद बीएनपी के पक्ष में बने माहौल ने जमात का डर बढ़ाया है।
बांग्लादेश की राजनीति पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि जमात को पहले एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनने की उम्मीद थी। तारिक रहमान और बीएनपी की हवा ने जमात के किंगमेकर बनने के सपने को चोट पहुंचाई है। ऐसे में वह चुनाव से पहले ही अपनी स्थिति मजबूत कर लेना चाहती है ताकि इलेक्शन के बाद उसे सियासी तौर पर किनारे ना जाना पड़े।













