क्या कह रहे मौलाना रशीदी?
जो हत्याएं हो रही हैं, वे गलत हैं। इसमें कोई शक नहीं है। इस्लाम किसी को भी मारने की वकालत नहीं करता। लेकिन जो लोग इसे नरसंहार कह रहे हैं, नरसंहार कहां है, मुझे बताओ? आप गाजा में जो हो रहा है, उसे नरसंहार कहने को तैयार नहीं हैं। फिलिस्तीन में 40,000 बच्चों को मार दिया गया, और 1,50,000 लोगों की हत्या कर दी गई, लेकिन आप उसे नरसंहार कहने को तैयार नहीं हैं।
रशीदी ने कहा कि बांग्लादेश में यूनुस की सरकार है, जो एक कमजोर सरकार है, वे इसे नरसंहार कहते हैं क्योंकि वे लोग हिंदू हैं। उन्होंने कहा कि भारत में, NCRB के डेटा से पता चलता है कि जय श्री राम के नारे लगाते हुए 52 लोगों को मॉब लिंचिंग में मार दिया गया, लेकिन आप उसे नरसंहार नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा कि आप 50 लोगों की हत्या को नरसंहार नहीं कहेंगे। यह दोहरा मापदंड क्यों? यह दोहरी मानसिकता क्यों?
बांग्लादेश में निशाने पर हिंदू: पूर्व गवर्नर
स्थिति यह है कि बांग्लादेश में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है। राजस्थान के पूर्व गवर्नर कलराज मिश्र का कहना है कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं को मारा जा रहा है। असमाजिक तत्व चिन्हित कर हिन्दुओं के घरों को टारगेट कर आग के हवाले कर रहे हैं, हिन्दुओं की बेटियों, महिलाओं के साथ बुरा बर्ताव किया जा रहा है। कलराज मिश्र के अनुसार हिन्दुओं की आस्था के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। बांग्लादेश में हिन्दुओं के मंदिरों को ध्वस्त किया जा रहा है। दुकानों को लूटा जा रहा है। बांग्लादेश में उभर रहे हिंदू नेताओं को मारा जा रहा है।














