शरीफ ने जीत के बाद की थी पीसीबी लीडरशिप की तारीफ
पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जीत के बाद शाहबाज शरीफ ने अपने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में शरीफ ने लिखा,’ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20I में जबरदस्त (इलेक्ट्रिफाइंग) परफॉर्मेंस के लिए शाबाश टीम पाकिस्तान। मैं पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी और हमारी पूरी टीम के पाकिस्तान क्रिकेट को मजबूत करने के अथक प्रयासों की भी प्रशंसा करता हूं। देश के लिए गर्व का पल है।’
इस ट्वीट को पोस्ट करने के थोड़ी ही देर बाद शरीफ को पाकिस्तानी फैंस की तरफ से ही ट्रोल का सामना करना पड़ा है। उन्हें लोगों ने तरह-तरह के कमेंट लिखकर ट्रोल किया है, जिनमें भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट करने की खबरों को हार का डर भी बताया गया है।
आकाश चोपड़ा ने कर दी बुरी तरह बेइज्जती
आकाश चोपड़ा क्रिकेट एक्सपर्ट के तौर पर किसी टीम के खेल का विश्लेषण करते समय बेहद रुखे अंदाज में आलोचना के लिए मशहूर हैं। उन्होंने शाहबाज शरीफ के ट्वीट का भी बुरी तरह ‘पोस्टमार्टम’ कर दिया है। उन्होंने यह भी इशारा कर दिया कि लाहौर में खेल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम उसकी सबसे मजबूत टीम से कहीं अलग है।
कई स्टार प्लेयर्स के बिना पाकिस्तान पहुंची है ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ पाकिस्तान ने पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रन का स्कोर बनाया था और फिर मेहमान टीम को 8 विकेट पर 146 रन ही बनाने दिए हैं। मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलियाई टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के लिहाज से पाकिस्तान पहुंची है, लेकिन बिग बैश लीग फाइनल (Big Bash League final) और कई अन्य कारणों से कई दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। खुद मार्श भी देरी से पाकिस्तान पहुंचने के कारण इस मैच में नहीं खेले हैं और ट्रेविस हेड (Travis Head) को टीम की कप्तानी करनी पड़ी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ चोट के कारण पैट कमिंस नहीं आए हैं तो अभी चोट से उबरे जोस हेजलवुड को भी आराम दिया गया है। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवैल, टिम डेविड और नाथन एलिस भी वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण सीधे श्रीलंका पहुंच रहे हैं।













