विजेंदर कुमार का राजपाल यादव को नई फिल्म का ऑफर
विजेंदर कुमार ने अपने X अकाउंट पर राजपाल यादव को काम ऑफर करते हुए ऐलान किया, ‘मैं सच्चे टैलेंट का सम्मान करता हूं। राजपाल यादव जी ने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है। उन्होंने बहुत से किरदारों से हमारे चेहरे पर मुस्कान दी है। मैं राजपाल यादव जी को मेरी आने वाली फिल्म में साथ काम करने का ऑफर देता हूं, जिसके राइटर डायरेक्टर संजू सैनी हैं और हम इस समय उनका सहयोग करना चाहते हैं।’
डायरेक्टर संजू सैनी बोले- राजपाल सर को ही नहीं हमारी फिल्म को भी
संजू सैनी ने भी विजेंदर सिंह के ट्वीट को रीट्वीट किया और साथ में लिखा, ‘हम राजपाल सर को हमारी फिल्म के सेट पर देखना चाहेंगे। विजेंदर भाईसाहब, ये सपोर्ट सिर्फ राजपाल यादव सर को ही नहीं, हमारी फिल्म को भी बड़ा करेगी। बहुत बहुत धन्यवाद भाईसाहब।’
राजपाल यादव जेल क्यों गए? क्या है चेक बाउंस केस?
राजपाल यादव ने 2010 में ‘अता पता लापता’ नाम की फिल्म बनाने के लिए एक प्राइवेट कंपनी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। वो पैसा फिल्म में लगाया और फिल्म फ्लॉप होने पर डूब गया। राजपाल यादव समय रहते वो 5 करोड़ रुपये नहीं लौटा पाए, जिसके बाद बढ़ते ब्याज के कारण रकम 9 करोड़ हो गई। जो चेक राजपाल यादव ने कंपनी को दिए थे, वो भी बाउंस हो गए क्योंकि एक्टर पैसों की तंगी में थे। तो कंपनी ने राजपाल यादव के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया, जिसमें एक्टर को 2018 में 6 महीने जेल की सजा मिली थी। हालांकि, तब राजपाल यादव ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की और वहां से उन्हें चेक बाउंस और कर्ज चुकाने के मामले में कई बार राहत मिली। अब भी जब राजपाल यादव पैसे नहीं चुका पाए, तो कोर्ट ने उन्हें जेल में सरेंडर करने को कहा था। राजपाल यादव 5 फरवरी से तिहाड़ जेल में बंद हैं।
अभी तक राजपाल यादव को जिन लोगों ने फिल्मों में रोल और प्रोजेक्ट ऑफर किए हैं, वो हैं:
- बॉक्सर और एक्टर विजेंदर सिंह ने अपनी एक आने वाली फिल्म में राजपाल यादव को एक रोल ऑफर किया है, जिसका ऐलान सोशल मीडिया पर किया। इस फिल्म को संजू सैनी डायरेक्ट करेंगे।
- सोनू सूद ने सबसे पहले राजपाल यादव की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उन्होंने एक्टर की न सिर्फ आर्थिक मदद की थी, बल्कि अपनी एक फिल्म में रोल दिया और एडवांस में साइनिंग अमाउंट भी दे दिया।
- गुरु रंधावा ने अपने एक आने वाले म्यूजिक वीडियो के लिए राजपाल यादव को साइन किया और एडवांस में साइनिंग अमाउंट भी दे दिया। गुरु ने इसका ऐलान अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर किया था।
- उधर, TVF ने राजपाल यादव की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। ‘कोटा फैक्ट्री’, ‘गुल्लक’ और ‘पंचायत’ जैसी सीरीज बनाने वाले ‘द वायरल फीवर’ ने राजपाल यादव को साथ काम करने का ऑफर दिया। TVF ने कहा कि वह राजपाल यादव के साथ एक सीरीज बनाना चाहेगा।
- प्रियदर्शन एक्टर राजपाल यादव को उनके करियर के शुरुआती दिनों से जानते हैं और अपनी लगभग हर फिल्म में उन्होंने राजपाल को साइन किया है। चेक बाउंस और कर्ज चुकाने में भी प्रियदर्शन ने राजपाल यादव की मदद की है। उन्होंने अपनी नई फिल्म में राजपाल यादव को विलेन के रोल के लिए साइन किया था, और उसमें उनकी फीस बढ़ा दी है। साथ ही प्रियदर्शन ने यह भी कहा कि उन्हें राजपाल की आर्थिक स्थिति का पता था, इसलिए वह उन्हें अपनी फिल्मों में लेते रहे।
- FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) भी राजपाल यादव की मदद को आगे आया और कहा है कि वह यह सुनिश्चित करेगा कि एक्टर को बराबर काम मिले। FWICE ने सभी फिल्म और टीवी एक्टर्स से अपील की है कि वो इस मुश्किल वक्त में राजपाल यादव की मदद करें।
जिन सेलेब्स ने राजपाल यादव की आर्थिक मदद की, पैसे ट्रांसफर किए, वो हैं:
वहीं, कई सेलेब्स ऐसे हैं, जिन्होंने राजपाल यादव की आर्थिक मदद की है और कुछ ने उनके बैंक अकाउंट में पैसे भी ट्रांसफर किए हैं। इनमें मीका सिंह, सोनू सूद, अनूप जलोटा, केआरके यानी कमाल आर खान, राजनेता तेज प्रताप यादव, जेम्स टून म्यूजिक के मालिक इंद्रजीत सिंह यादव, गुरमीत चौधरी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, सलमान खान, अजय देवगन, डेविड धवन और वरुण धवन का नाम शामिल है। इसी बीच ‘अहमदाबाद मिरर’ की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली की पीआर एजेंसी नंदीश कम्युनिकेशन्स ने राजपाल यादव की मदद के लिए 11 हजार रुपये दिए हैं। हालांकि, राजपाल यादव के भाई श्रीपाल का कहना है कि उनके अकाउंट में अभी तक एक रुपया भी नहीं आया है, कोई पैसे नहीं मिले हैं।













