‘वैराइटी इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मनोज बाजपेयी ने अक्षय कुमार और परेश रावल को ‘भागम भाग 2’ में जॉइन किया है। उन्होंने फ्रैंचाइजी में गोविंदा को रिप्लेस किया है और वह उनकी जगह नजर आएंगे। हालांकि मेकर्स की तरफ से ऐसा कुछ नहीं बताया गया है। सिर्फ अभी दावा किया जा रहा है। साथ ही खबर के मुताबिक, इस सीक्वल की कहानी पहले पार्ट से अलग होगी। साथ ही ज्यादा कॉमेडी देखने को मिलेगी।
‘भागम भाग 2’ में अक्षय कुमार की हीरोइन कौन?
‘गुंटूर करम’ और ‘GOAT’ में नजर आ चुकीं मीनाक्षी चौधरी इस फिल्म में अक्षय कुमार के अपोजिट होंगी। उन्होंने ‘लकी भास्कर’ में भी अभिनय किया है। उन्होंने 2019 की फिल्म ‘अपस्टार्ट्स’ से डेब्यू किया था और अब वह फिर से हिंदी फिल्मों में कमबैक कर रही हैं। वहीं, मनोज बाजपेयी के अपोजिट कौन होगा, उस पर बात हो रही है।
‘भागम भाग 2’ के बदले डायरेक्टर
‘भागम भाग 2’ के डायरेक्टर राज शांडिल्य होंगे। जबकि पहले पार्ट का निर्देशन प्रियदर्शन ने सम्भाला था। वह इस प्रोजेक्ट को इसलिए नहीं कर रहे क्योंकि उनके पास तीन बड़ी फिल्में हैं, जिसमें ‘भूत बंगला’, ‘हैवान’ और ‘हेरा फेरी 3’ शामिल है और तीनों में अक्षय कुमार हैं। राज शांडिल्य ने ‘ड्रीम गर्ल’, ‘ड्रीम गर्ल 2’, ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’, ‘जनहित में जारी’, ‘लव की अरेंज मैरिज’, ‘फ्रीकी अली’ जैसी फिल्में बनाई हैं। वह 2007 से 2014 तक सोनी एंटरटेनमेंट चैनल के शो ‘कॉमेडी सर्कस’ के राइटर और कंटेट डायरेक्टर थे।
‘भागम भाग’ का बजट और कलेक्शन
बता दें कि ‘भागम भाग’ 32 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने 7 हफ्तों में भारत में 40.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं ग्रॉस कमाई 54.47 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 67.83 करोड़ रुपये थी। ओवरसीज भी 13.36 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। बॉक्स ऑफिस पर ये हिट साबित हुई थी। अक्षय, गोविंदा, परेश और राजपाल के अलावा लारा दत्ता, जैकी श्रॉफ, अरबाज खान, शक्ति कपूर जैसे कलाकार भी नजर आए थे।
- बजट- 32 करोड़ रुपये
- टोटल कलेक्शन- 40.25 करोड़ रुपये (नेट)
- ग्रॉस कलेक्शन- 54.47 करोड़ रुपये
- वर्ल्डवाइड कलेक्शन- 67.83 करोड़ रुपये
- ओवरसीज कलेक्शन- 13.36 करोड़ रुपये
अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म
अक्षय कुमार की फिल्मों की बात करें तो वह अनीस बजमी की कॉमेडी फिल्म की शूटिंग पूरी करने के बाद ‘भागम भाग 2’ की शूटिंग पर जल्द ही काम शुरू करेंगे। फिर वह अजय देवगन के साथ रोहित शेट्टी की मूवी ‘गोलमाल 5’ पर भी काम करेंगे, जिसमें विलेन के किरदार में नजर आएंगे।
मनोज बाजपेयी की फिल्म पर विवाद
वहीं, मनोज बाजपेयी इस वक्त नीरज पांडे की मूवी ‘घूसखोर पंडत’ के कारण सुर्खियों में हैं, जिसके टाइटल पर विवाद हो रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आर्डर के बाद लखनऊ में डायरेक्टर और टीम पर FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि इससे धार्मिक और जागितग भावनाओं को ठेस पहुंची है।













