6 साल पहले लिखे गए ई-मेल से पता चला है कि यौन अपराधी एपस्टीन ने एक भारतीय लड़की को भी शिकार बनाया था, अमेरिकी न्याय विभाग के अधिकारी मुआवजा दिलाने के लिए इस लड़की को खोज रहे थे। हालांकि एपस्टीन का शिकार होने वाली ये लड़की कौन है इसकी जानकारी अब तक नहीं हो पाई है। ईमेल में लड़की की निजता का ख्याल करते हुए नाम छिपाया गया है।
एपस्टीन फाइलों में भारत से जुड़े कॉन्टैक्ट्स, ईमेल और दुनिया भर की जानी-मानी हस्तियों के नाम भी सामने आए हैं। शिकार लोगों में एक भारतीय लड़की भी थी। एक ईमेल के मुताबिक, US अधिकारी पीड़ितों के फंड से मुआवजा देने के लिए उसे ढूंढ रहे थे। ईमेल भेजने वाले और पाने वाले के नाम हटा दिए गए हैं। मेल में लड़की के पते की जानकारी लेने के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करने की भी बात कही गई है।
ईमेल में क्या है?
ईमेल 13 जनवरी, 2020 का है, जिसका सब्जेक्ट ‘एपस्टीन विक्टिम्स’ है। ईमेल में फ्लोरिडा में पीड़ितों के लिए थेरेपी सेशन के बारे में बात की गई है।इसमें आखिर में लिखा है, ‘भारत में रहने वाली महिला के बारे में। अगर आप मुझे उसका पता और कॉन्टैक्ट जानकारी दे सकते हैं, तो मैं वहां दूतावास में हमारे साथियों से कोऑर्डिनेट करूंगा। अगर आपके कोई और सवाल हैं तो कृपया मुझे कॉल करें।’













