अजरबैजानी नौसेना प्रमुख के दौरे पर पाकिस्तान ने क्या बताया
पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने अजरबैजानी नौसेना प्रमुख के इस्लामाबाद दौरे पर बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान और अजरबैजान के नौसैना प्रमुखों ने अपने रक्षा संबंधों को मजबूत करने का संकल्प लिया है। पाकिस्तान और अजरबैजान के बीच मजबूत रक्षा संबंध हैं। अजरबैजान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की सैन्य मदद की थी। इसके अलावा अजरबैजान ने पाकिस्तान से JF-17 ब्लॉक III फाइटर जेट खरीदने के लिए $1.6 बिलियन का सौदा किया है।
पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख से मिले अजरबैजानी समकक्ष
ISPR के बयान के अनुसार, पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद अशरफ ने मंगलवार को इस्लामाबाद में नौसेना मुख्यालय में अज़रबैजानी नौसेना प्रमुख रियर एडमिरल शाहिन मम्मादोव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने मौजूदा द्विपक्षीय रक्षा संबंधों के दायरे को और मजबूत करने और उसमें विविधता लाने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान, दोनों ने आपसी हित के मामलों, क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा स्थिति और प्रशिक्षण और रक्षा में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की। पाकिस्तानी नौसेना मुख्यालय पहुंचने पर अजरबैजानी नौसेना प्रमुख को गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया।
आर्मेनिया क्यों पहुंचे सीडीएस जनरल अनिल चौहान
सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने आर्मेनिया के रक्षा मंत्री सुरेन पापक्यान से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और दोनों देशों से संबंधित सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की। जनरल चौहान के नेतृत्व में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल इस समय आर्मेनिया की आधिकारिक यात्रा पर है। एकीकृत रक्षा मुख्यालय ने एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट के माध्यम से सीडीएस की चार दिवसीय यात्रा से संबंधित जानकारियां और तस्वीरें साझा की हैं। मुख्यालय ने पोस्ट किया, “चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ जनरल अनिल चौहान, आर्मेनिया के रक्षा मंत्री सुरेन पापक्यान से मुलाकात के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। दोनों देशों से संबंधित विभिन्न सुरक्षा मुद्दों पर रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई।”













