गंभीर संकट में फंसा यूएई
यूएई इन दिनों गंभीर संकट में फंसा हुआ है। उसका पड़ोसी देश और मुस्लिम उम्माह के सबसे शक्तिशाली मुल्क सऊदी अरब के साथ यमन को लेकर गंभीर विवाद है। दोनों देश कूटनीतिक खींचतान में जुटे हैं। इस बीच सऊदी अरब ने पाकिस्तान के साथ सैन्य समझौता कर यूएई के टेंशन को और बढ़ा दिया है। दोनों देश खुद को क्षेत्र के मुख्य वित्तीय और व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। सऊदी अरब की “विजन 2030” नीति और बहुराष्ट्रीय कंपनियों को अपना मुख्यालय रियाद में शिफ्ट करने के दबाव ने दुबई के प्रभुत्व को चुनौती दी है। सूडान के गृहयुद्ध में दोनों देश अलग-अलग गुटों का समर्थन कर रहे हैं। UAE ने इजरायल के साथ रिश्ते सामान्य कर लिए हैं, जबकि सऊदी अरब अभी भी फिलिस्तीनी राज्य की शर्त पर अड़ा हुआ है। तेल उत्पादन की मात्रा और वैश्विक कीमतों को लेकर भी दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है।
यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात पर क्या बोले पुतिन
पुतिन ने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत में कहा, “मध्य पूर्व की स्थिति पर हमारी बातचीत भी प्रासंगिक है। हमने फिलिस्तीनी-इजरायली संघर्ष क्षेत्र में स्थिति पर बार-बार चर्चा की है। और गाजा पट्टी में मानवीय स्थिति को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त प्रयास किए हैं।” पुतिन ने संयुक्त राष्ट्र के फैसले के अनुसार एक फिलिस्तीनी राज्य के निर्माण को भी एक सैद्धांतिक मामला बताया, और कहा कि इससे क्षेत्र में लंबे समय तक स्थिरता सुनिश्चित होगी।
पुतिन ने यूएई को बधाई क्यों दी
पुतिन ने गेम्स ऑफ द फ्यूचर की सफल मेजबानी के लिए UAE को बधाई दी और इस पहल के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। पुतिन ने कहा, “दिसंबर में अबू धाबी में गेम ऑफ द फ्यूचर के दूसरे अंतरराष्ट्रीय मल्टीस्पोर्ट टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए बधाई। और इस रूसी पहल का समर्थन करने के लिए धन्यवाद। हमारे देशों ने इन प्रतियोगिताओं की तैयारी में सहयोग किया है।” पुतिन ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात अरब दुनिया में रूस का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक भागीदार है, और व्यापार लगातार बढ़ रहा है।
यूएई के राष्ट्रपति ने पुतिन को शुक्रिया कहा
UAE के राष्ट्रपति ने गर्मजोशी से स्वागत और मेहमाननवाज़ी के लिए पुतिन को धन्यवाद दिया। अल नाहयान ने कहा, “हम इन संबंधों को मजबूत करने और दोनों देशों के हितों में विकास और साझेदारी के लक्ष्यों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कहा कि रूस के साथ UAE के संबंध फलदायी सहयोग की विरासत पर आधारित हैं, और दोनों देश साझेदारी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, “UAE और रूस के बीच संबंध 50 से अधिक वर्षों से चले आ रहे फलदायी सहयोग की गहरी विरासत पर आधारित हैं। हमारे देश अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, निवेश, व्यापार, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों के विभिन्न क्षेत्रों को विकसित करने के लिए साझेदारी और स्थायी सहयोग से जुड़े हुए हैं।”













