बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को इजरायल डिफेंस फोर्स के एक कार्यक्रम में पीएम मोदी के आगामी दौरे का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘हम अपने सहयोगी देशों के साथ रिश्ते मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि अगले हफ्ते भारत के प्रधानमंत्री इजरायल का दौरा करेंगे, जो दुनिया की एक बहुत बड़ी ताकत है।’
नेतन्याहू ने किया था दौरे का ऐलान
बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल और भारत के बीच का रिश्ता बेहतरीन है। हम उनके साथ हर तरह के कोऑपरेशन पर बात करेंगे। हमें समझना चाहिए कि भारत कोई छोटा देश नहीं है। वहां 1.4 बिलियन लोग रहते हैं। भारत बहुत पावरफुल और पॉपुलर कंट्री है। बेंजामिन नेतन्याहू की ओर से ही रविवार (15 फरवरी) को एक कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी के इजरायल दौरे की खबर दी गई थी।
साल 2024 में भारत के प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी का यह इजरायल का दूसरा दौरा होगा। प्रधानमंत्री के तौर पर जुलाई 2017 में पहली बार नरेंद्र मोदी इजरायल गए थे। यह दौरा भारत-इजरायल के रिश्ते के लिहाज से बेहद अहम था क्योंकि पहली बार कोई भारतीय पीएम इजरायल गया था। इसके बाद कई बार पीएम मोदी के इजरायल जाने की चर्चा हुई लेकिन किसी ना किसी वजह से यह टलता रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे में उनकी बेंजामिन नेतन्याहू के साथ दोस्ती चर्चा में रही थी। उस दौरे में रक्षा संबंधों, साइबर सिक्योरिटी और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग पर चर्चा हुई थी। पीएम मोदी के आगामी दौरे में द्विपक्षीय सहयोग और पश्चिम एशिया में सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा की उम्मीद है।













