इस्लामिक स्टेट ने ही हमले की जिम्मेदारी
बीबीसी मॉनिटरिंग के अनुसार, इस्लामाबाद मस्जिद पर आत्मघाती हमले का दावा इस्लामिक स्टेट के टेलीग्राम चैनलों पर सामने आया है। टेलीग्राम चैनलों के अनुसार, पाकिस्तान में सक्रिय एक आईएसआईएस समूह इस हमले के पीछे है। यह एक आत्मघाती बम हमला था। आईएसआईएस की समाचार एजेंसी ‘अमाक’ ने भी एक बयान जारी किया है। इसमें एक नकाबपोश हमलावर की तस्वीर दिखाई गई है। दावा किया गया है कि इसी हमलावर ने इस्लामाबाद में मस्जिद में हमला किया था।
पाकिस्तान ने भारत पर लगाया था आरोप
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बिना कोई सबूत दिए आरोप लगाया कि इस हमले में भारत और अफगानिस्तान का हाथ था। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि यह साबित हो चुका है कि हमले में शामिल आतंकवादी अफगानिस्तान से आया-गया था। उन्होंने आरोप लगाया, “भारत और अफगानिस्तान के बीच मिलीभगत का पर्दाफाश हो रहा है”।
भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज किया
भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। विदेश मंत्रालय ने इस हमले को निंदनीय बताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने वाली समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने के बजाय, अपनी घरेलू समस्याओं के लिए दूसरों को दोषी ठहराकर “झूठी तसल्ली” का रास्ता अपनाया। विदेश मंत्रालय ने कहा, “आज सुबह इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम विस्फोट निंदनीय है और भारत इसमें हुई जानमाल की हानि के प्रति संवेदना व्यक्त करता है।”
भारत ने पाकिस्तान को नसीहत दी
उसने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को विकृत करने वाली समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने के बजाय, अपनी घरेलू परेशानियों के लिए दूसरों को दोषी ठहराकर खुद को झूठी तसल्ली दे रहा है।” मंत्रालय ने कहा, “भारत इस तरह के हर आरोप को खारिज करता है, जो निराधार होने के साथ-साथ निरर्थक भी है।”













