क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मास्टरप्लान
रिपोर्ट्स के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के दो वरिष्ठ अधिकारी, फिल रिग्बी (बिजनेस ऑपरेशंस हेड) और मार्गोट हार्ले (कंपटीशन डेवलपमेंट हेड) हाल ही में भारत दौरे पर थे। उन्होंने चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम, चेपॉक का दौरा किया और वहां की लॉजिस्टिक्स और सुविधाओं का जायजा लिया। चेन्नई को चुनने के पीछे वहां के जुनूनी फैंस और आईपीएल का बड़ा इतिहास एक बड़ी वजह है।
इस टीम की भारत में खेलने की सबसे बड़ी दावेदार
चेन्नई में होने वाले इस संभावित मैच के लिए पर्थ स्कॉर्चर्स को सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसके दो मुख्य कारण हैं। पहला कि पर्थ और भारत के समय में केवल 2.5 घंटे का अंतर है, जिससे ब्रॉडकास्टिंग में आसानी होगी। वहीं दूसरा कारण यह है कि पर्थ स्कॉर्चर्स BBL की सबसे सफल टीम है, और उन्होंने कुल 6 खिताब जीते हैं। उनके मालिक भारतीय निवेशकों के साथ साझेदारी करने के इच्छुक बताए जा रहे हैं।
भारतीय निवेशकों पर नजर
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया जल्द ही अपनी 8 में से कम से कम 2 फ्रेंचाइजी को बेचने की तैयारी में है। भारत में मैच आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य भारतीय उद्योगपतियों का ध्यान खींचना है। सिडनी थंडर और मेलबर्न रेनेगेड्स जैसी टीमों में भी आईपीएल मालिकों की दिलचस्पी की खबरें आ रही हैं।
BCCI और ब्रॉडकास्टर्स की अनुमति जरूरी
भले ही योजना रोमांचक दिख रही हो, लेकिन यह अभी शुरुआती चरण में है। इसे अमल में लाने के लिए BCCI की हरी झंडी सबसे जरूरी है। इसके अलावा, आधिकारिक ब्रॉडकास्टर्स और अन्य स्टेकहोल्डर्स की सहमति के बिना यह संभव नहीं होगा। तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ने पुष्टि की है कि बातचीत हुई है, लेकिन अंतिम फैसला बीसीसीआई ही करेगा।













