‘गांधीगिरी’ (2016) और ‘शशांक’ (2023) जैसी फिल्मों के लिए मशहूर डायरेक्टर सनोज मिश्रा की निर्देशित इस फिल्म को मोनालिसा की रील वायरल होने के बाद ही उन्हें ऑफर किया गया था। फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद, टीम मां गंगा का आशीर्वाद लेने के लिए भी गई थी। अब इसका टीजर आउट हो चुका है।
‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का टीजर
‘द डायरी ऑफ मणिपुर‘ के टीजर की शुरुआत मोनालिसा से ही होती है। उसकी कजरारी आंखों की झलक से लेकर उसका डांस और अदाएं सबकुछ देखने लायक है। मोनालिसा की इस फिल्म की कहानी भी दमदार लग रही है जिसमें मणिपुर के पुराने इतिहास और पॉलिटिक्स के बारे में दिखाया गया है। सारे एक्टर्स मंझे हुए लग रहे हैं। पहली फिल्म के हिसाब से और बिना किसी एक्टिंग की लंबी ट्रेनिंग के मोनालिसा का काम भी अच्छा है। लोगों ने भी उनकी खूब तारीफ की है।
मोनालिसा की पहली फिल्म
ये मोनालिसा की पहली फिल्म है। इससे पहले सनोज मिश्रा ने फिल्म को लेकर जानकारी शेयर की थी और मोनालिसा के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘हमने फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग चार चरणों में शुरू की – पहले इटावा (उत्तर प्रदेश) में, फिर मणिपुर में, जहां हमने कई जगहों पर फिल्म की शूटिंग की। नेपाल में एक शेड्यूल पूरा करने के बाद, हमने देहरादून में फिल्म का अधिकांश हिस्सा पूरा किया।’
पहली बार मोनालिसा को कुंभ मेले में देखा
फिल्म निर्माता ने महाकुंभ मेले में पहली बार मोनालिसा भोंसले को देखा, जब उनकी रील वायरल हो गई। उन्होंने बताया, ‘जब मैंने मोनालिसा को मेले में देखा, तो मुझे बहुत बुरा लगा कि लोग रील और सेल्फी के लिए उन्हें परेशान कर रहे थे। वे मध्य प्रदेश के महेश्वर के बंजारे और बहुत ही सीधे-सादे लोगों के घर से आती हैं। इसलिए, मैंने उन्हें लीड रोल में लेने का फैसला किया और ऑफर दिया।’
मोनालिसा को ट्रेनिंग और पढ़ाई के लिए भेजा गया
मोनालिसा को ट्रेनिंग और पढ़ाई के लिए पहले इंदौर और फिर मुंबई भेजा गया, क्योंकि शुरुआत में उन्हें सिर्फ अपना नाम लिखना आता था। इस पर सनोज ने कहा, ‘यह एक मुश्किल काम था, लेकिन वह बहुत मेहनती और समर्पित हैं। म्यूजिक वीडियो के अलावा, मैंने दो साउथ फिल्मों की शूटिंग में भी उनकी मदद की है। चूंकि उन्हें अभी भी उच्चारण की समस्या है, इसलिए हमने डबिंग का इस्तेमाल किया। हालांकि, उन्होंने एक्टिंग में खुद को अच्छी तरह से ढाल लिया है और उनकी मासूमियत ही उनकी सबसे बड़ी खूबी है।’













