पीएम मोदी ने जोर देकर कहा, ‘वेस्ट एशिया में शांति और स्थिरता सीधे भारत के सिक्योरिटी हितों से जुड़ी है। शुरू से ही हमने बातचीत और मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन किया है। यह ग्लोबल साउथ और पूरी इंसानियत की पुकार है।’
दोनों देशों के बीच अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान दोनों नेताओं के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें भारत और इजरायल के रिश्तों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ (विशेष रणनीतिक साझेदारी) के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति बनी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उनकी बैठक बेहद फलदायी रही और दोनों देशों के लोगों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया है।
- उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को नई दिशा देने का फैसला किया है। साथ ही ‘क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप’ स्थापित करने पर भी सहमति बनी है, जिससे भविष्य की तकनीकों में सहयोग बढ़ेगा।
- पीएम मोदी ने कृषि क्षेत्र को भी दोनों देशों के सहयोग का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल के बीच चल रहे कृषि सहयोग के तहत उत्कृष्टता केंद्रों (सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस) की संख्या बढ़ाकर 100 करने का निर्णय लिया गया है, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
- पीएम मोदी ने इजरायली वेब सीरीज ‘फौदा’ के कलाकारों से भी मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी साझा की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि इस मुलाकात के लिए सिर्फ एक सेल्फी की जरूरत थी, कोई अंडरकवर काम नहीं।













