रूडी वैन वुरेन अभी नामीबिया क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वह मेडिकल डॉक्टर हैं। वह उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने दो खेलो में विश्व कप खेला है। 2003 में साउथ अफ्रीका में हुए क्रिकेट वर्ल्ड कप में खेलने के बाद उसी साल ऑस्ट्रेलिया में हुए रग्बी वर्ल्ड कप में भी अपने देश के लिए रूडी वैन वुरेन ने हिस्सा लिया था। वह क्रिकेट और रग्बी दोनों के विश्व कप में खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। अपने करियर में उन्होंने 5 मैच खेले और 8 विकेट लिए। इसके साथ ही रूडी पायलट भी हैं।
आईसीसी ने भारत के खिलाफ मैच से पहले रूडी वैन वुरेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें वह कह रहे हैं, ‘क्रिकेट वर्ल्ड कप 2003 में, मैंने सचिन तेंदुलकर का कीमती विकेट लिया था। मैं कंजर्वेशनिस्ट हूं। मैं मेडिकल डॉक्टर भी हूं। मैं क्रिकेट नामीबिया का प्रेसिडेंट भी हूँ। मैं नामीबिया के लिए रग्बी और क्रिकेट खेलता था। मैं एक पायलट हूं। मैं एक पिता भी हूं।’
सचिन के विकेट को याद करते हुए रूडी ने कहा- मुझे याद है क्या हुआ था। मुझे लगता है कि सचिन 140 के आस-पास बैटिंग कर रहे थे। वह काफी थक गए थे और मैं भी थक गया था। बॉल धीमी थी लेकिन यह विश्व क्रिकेट का सबसे बेशकीमति विकेट है। अगर आप सचिन तेंदुलकर का विकेट ले सकते हैं तो यह बहुत अच्छा है।
मैच के बाद रूडी वैन वुरेन को सचिन तेंदुलकर से मिलने का मौका भी मिला। वह इसके बाद सचिन के फैन हो गए। उन्होंने याद करते हुए कहा-हमारे टीम मैनेजर फ्रैंकोइस इरास्मस ने सचिन से पूछा कि क्या वह मेरे साथ फोटो खींचवा सकते हैं और वह मान गए। हम बैठे और बहुत देर तक बातें कीं। जिस चीज ने मुझे उनके बारे में सबसे ज्यादा इम्प्रेस किया वो थी उनकी विनम्रता। उन्होंने बात की और रग्बी में भी उनका इंट्रेस्ट था। उनसे बात करना काफी बेहतरीन एक्सपीरियंस था।














