देवोलीना भट्टाचार्जी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो रमजान की तैयारी करती दिखाई दे रही हैं। वो रोजा के वक्त कहती हैं, ‘मेरे भगवान और तुम्हारे अल्लाह तुम्हारे रोजा को कामयाब करें, कुबूल करें।’ कुछ लोगों को तो ये बात बहुत पसंद आई लेकिन कुछ मुस्लिम लोगों ने इसका विरोध भी किया।
लोगों ने निकाला गुस्सा
एक यूजर ने कहा- बहुत बढ़िया गोपी बहू। एक ने तारीफ में लिखा- इस कहते हैं असली सनातनी। लेकिन एक ने लिख दिया- तुम्हे तमीज नहीं है बोलने की, क्या कह रही हो। एक मुस्लिम यूजर ने लिखा- भगवान का रोजा से क्या लेना-देना। एक ने कहा- ये बहुत गलत लाइन बोली तुमने, मेरे भगवान तेरे अल्लाह। एक ने तो कह दिया- दीपिका कक्कड़ को देवो से सीखना चाहिए।
देवोलीना और शहनवाज की शादी
देवोलीना ने 2022 में शहनवाज शेख से शादी की थी। इस कपल ने दिसंबर 2024 में अपने पहले बच्चे, एक बेटे जॉय का स्वागत किया और जनवरी 2025 में इंस्टाग्राम पर उसका नाम घोषित करते हुए अपने बेटे को ‘खुशियों का पिटारा’ बताया।
ज्वेलरी डिजाइनर देवोलीना की जर्नी
देवोलीना ने शुरुआत में मुंबई में एक ज्वेलरी डिजाइनर के रूप में काम किया और उन्हें पहली बार तब पहचान मिली जब उन्होंने डांस रियलिटी सीरीज ‘डांस इंडिया डांस 2’ के लिए ऑडिशन दिया। उन्होंने 2011 में ‘सवारे सबके सपने प्रीतो’ से अभिनय की शुरुआत की। उन्होंने ‘साथ निभाना साथिया’ में जिया मानेक की जगह गोपी अहम मोदी का किरदार निभाया, जो उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। 2014 और 2016 में, बार-बार होने वाले टाइम लीप के कारण उन्होंने शो छोड़ा, लेकिन जून 2017 में पांच साल पूरे होने तक उन्होंने इस किरदार को निभाया।
‘बिग बॉस 13’ में दिखीं देवोलीना
इसके बाद एक्ट्रेस ने ‘बिग बॉस’ के 13वें सीजन में एक सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट के तौर पर भाग लिया। हालांकि, दो महीने बाद, नवंबर 2019 में, उन्होंने स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए शो छोड़ दिया। अगस्त 2020 में वो ‘साथ निभाना साथिया 2’ में गोपी बनकर लौटीं। जुलाई 2024 में, उन्होंने ‘छठी मैय्या की बिटिया’ में देवी छठी मैय्या का रोल किया, लेकिन अक्टूबर 2024 में उन्होंने प्रेग्नेंसी के कारण शो छोड़ दिया।














