करीब 10-11 साल पहले जब अरिजीत सिंह का सलमान खान के साथ विवाद हुआ था, तो सिंगर ने सोशल मीडिया पर एक माफीनामा लिखकर एक्टर से माफी मांगी थी। दावा किया जा रहा था कि सलमान संग पंगे की वजह से अरिजीत सिंह का काम प्रभावित हो रहा है। उन्हें गाने नहीं मिल रहे हैं। पर ऐसा नहीं था। अरिजीत ने 2016 में हमारे सहयोगी ‘ईटाइम्स’ को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वह अभी भी काम कर रहे हैं और उस पर सलमान संग विवाद का कोई असर नहीं पड़ा है।
अरिजीत ने कहा था- गाने नहीं मिले तो म्यूजिक प्रोड्यूसर बन जाऊंगा
अरिजीत ने कहा था कि अगर कल को उन्हें गाने नहीं मिले तो वह म्यूजिक प्रोड्यूसर बन जाएंगे। और अब अरिजीत ने खुद अपनी इच्छा से प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले लिया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने इसका ऐलान किया, पर साथ ही कहा कि वह म्यूजिक बनाते रहेंगे। इसके साथ ही वह प्रोडक्शन और फिल्ममेकिंग पर भी फोकस कर रहे हैं। जल्द ही अरिजीत सिंह की पहली हिंदी फिल्म आने वाली है, जिसे वह प्रोड्यूस कर रहे हैं। इसमें उनका बेटा हीरो है तो नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी शोरा हीरोइन है। फिलहाल फिल्म की शूटिंग चल रही है।
रॉयल्टी को लेकर चिंता, अरिजीत ने कहा था- हर गाने के लिए मिले तो…
वहीं, अरिजीत सिंह ने एक बार गानों के लिए मिलने वाली रॉयल्टी के बारे में बात की थी। उन्होंने 2018 में ‘पिंकविला’ को दिए इंटरव्यू में बताया था कि रॉयल्टी उन जैसे सिंगर्स के लिए बहुत जरूरी है। पर वही उनके लिए सबसे बड़ी कमी बन जाती है, क्योंकि मिलती नहीं है। अगर उन जैसे सिंगर्स को हर गाने के लिए रॉयल्टी मिले, तो उनका फ्यूचर सिक्योर हो जाए।
अरिजीत सिंह की बढ़ी रॉयल्टी
हालांकि, 2024 की एक ‘स्पॉटिफाई’ की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय सिंगर्स की रॉयल्टी 2023 की तुलना में 6% बढ़ी। और अरिजीत सिंह हर साल सबसे ज्यादा स्ट्रीम होने वाले इंडियन आर्टिस्ट रहे हैं। वहीं, कॉपीराइट (संशोधन) अधिनियम, 2012 के अनुसार, प्लेबैक सिंगर्स को अब लाइफटाइम रॉयल्टी पाने का अधिकार मिल गया है। चूंकि अरिजीत सिंह पिछले कुछ साल से हर साल सबसे ज्यादा स्ट्रीम किए जाने वाले इंडियन आर्टिस्ट रहे हैं, इसलिए रिटायर होने के बाद भी उन्हें उनके गानों के लिए रॉयल्टी मिलती रहेगी।
क्या रिटायरमेंट के बाद सालाना 75 करोड़ कमाएंगे अरिजीत सिंह?
एक ट्वीट के मुताबिक, यूट्यूब चार्ट के अनुसार, पिछले 365 दिनों में अरिजीत सिंह के गाने 15 अरब बार स्ट्रीम किए गए हैं। यह आंकड़ा हर साल बढ़ता जा रहा है। अगर उन्हें हर प्ले के लिए सिर्फ 5 पैसे भी मिलते हैं, तो भी वह सिर्फ एक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से सालाना 75 करोड़ रुपये कमा लेंगे।
अरिजीत सिंह का स्ट्रगल, गले को तोड़ा, खुद को टॉर्चर कर आवाज तराशी
वैसे, अरिजीत सिंह आज जिस मुकाम पर हैं, यहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने खूब स्ट्रगल किया। यह स्ट्रगल सिर्फ काम पाने को लेकर ही नहीं, बल्कि आवाज को सुधारने को लेकर भी है। इस बारे में अरिजीत ने एक इंटरव्यू में बात की थी। अरिजीत ने बताया था कि उनकी ओरिजनल आवाज कुछ और है, पर उससे लोग नफरत करते थे। यह देख उन्होंने अपने गले को खूब टॉर्चर किया, आवाज को तोड़ा-मरोड़ा और तब जाकर वो आवाज निकली, जिसके आज करोड़ों फैंस हैं।
‘लोगों को मेरी ओरिजनल आवाज से नफरत थी’
अरिजीत ने ‘द म्यूजिक पॉडकास्ट’ को दिए इंटरव्यू में कहा था, ‘मैंने तो अपनी आवाज को तोड़ा है। मेरी आवाज थोड़ी ऐसी थी पहले। मेरी आवाज अलग ही थी। वो आवाज वापस पाने के लिए मुझे 2-3 महीने सब छोड़ना पड़ेगा, लेकिन लोगों को उस आवाज से नफरत थी। मैंने जब उस आवाज में गाना शुरू किया था तो लोगों को वह आवाज बिल्कुल भी पसंद नहीं आई।’
अरिजीत बोले थे- बहुत टॉर्चर किया है अपने आप को
अरिजीत ने आगे कहा था, ‘इसलिए मुझे अपनी आवाज बदलनी पड़ी। गले को तोड़-तोड़ के टेक्सचर बनाया है मैंने। यह लगभग अपनी आवाज को तराशने जैसा है। बहुत टॉर्चर किया है अपने आप को एक तरीके से ताकि आवाज का प्रोजेक्शन अलग हो जाए, बेसिकली आवाज का मसल बनने जैसा।’
अरिजीत सिंह का करियर, गाने और अवॉर्ड्स
अरिजीत सिंह के करियर की बात करें, तो उन्होंने साल 2005 में रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से शुरुआत की थी। साल 2011 में उन्होंने ‘फिर मोहब्बत करने चला’ गाने से शुरुआत की। लेकिन 2013 फिल्म ‘आशिकी 2’ के गाने ‘तुम ही हो’ ने उन्हें जबरदस्त पॉपुलैरिटी दिलाई। इसके बाद अरिजीत सिंह ने एक के बाद एक कई ब्लॉकबस्टर गाने दिए, जिनमें ‘मन मस्त मगन’, ‘तोसे नैना’, ‘बिन्ते दिन’ और ‘केसरिया’ के अलावा सलमान स्टारर ‘बैटल ऑफ गलवान’ का ‘मातृभूमि’ गाना भी शामिल है। अरिजीत सिंह ने अपने करियर में दो नेशनल अवॉर्ड और 8 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स जीते। साल 2025 में उन्हें पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था।













