क्वार्टर फाइनल में जल्द हुए आउट
मुंबई के बीकेसी ग्राउंड पर कर्नाटक के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले में सभी की नजरें यशस्वी जायसवाल पर थीं। हालांकि, वह केवल 12 गेंदों का सामना कर सके और मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए। पारी की शुरुआत करने उतरे जायसवाल को चौथे ओवर में तेज गेंदबाज विद्याधर पाटिल ने अपना शिकार बनाया। मुंबई की टीम पहले ही बीमार सरफराज खान की कमी खल रही है, ऐसे में जायसवाल का जल्दी आउट होना टीम के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
मौजूदा रणजी सीजन में जायसवाल का प्रदर्शन
भारतीय टीम के व्यस्त शेड्यूल के कारण जायसवाल इस घरेलू सीजन में मुंबई के लिए ज्यादा मैच नहीं खेल पाए हैं। कर्नाटक के खिलाफ यह मुकाबला उनका इस सीजन का दूसरा रणजी मैच है। इससे पहले राजस्थान के खिलाफ अपने इकलौते मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की थी। उस मैच की तीसरी पारी में जायसवाल ने 174 गेंदों पर 156 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। साल 2019 में डेब्यू करने के बाद से यह रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए उनका 5वां शतक था।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऐतिहासिक पड़ाव
कर्नाटक के खिलाफ यह मैच यशस्वी जायसवाल के करियर का 50वां फर्स्ट क्लास मुकाबला है। महज 24 साल की उम्र में उन्होंने इस फॉर्मेट में अपनी एक खास पहचान बनाई है। उनके अब तक के आंकड़े उनकी प्रतिभा की गवाही देते हैं। उन्होंने 92 पारियों में कुल 4831 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी औसत लगभग 56 का रहा है। उनके नाम 17 शतक और 18 अर्धशतक भी दर्ज हैं। भारत के लिए टेस्ट फॉर्मेट में उन्होंने 2,511 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।
साल 2023 में हुआ था यशस्वी जायसवाल का डेब्यू
जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने के बाद से जायसवाल भारतीय टीम के मुख्य स्तंभ बन चुके हैं। हालांकि रणजी क्वार्टर फाइनल की पहली पारी में वह विफल रहे, लेकिन मुंबई को उम्मीद होगी कि दूसरी पारी में उनके बल्ले से एक बड़ी पारी निकलेगी ताकि टीम सेमीफाइनल की राह आसान कर सके।













