KVN प्रोडक्शंस वही कंपनी है, जिसने थलपति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ की भी प्रोड्यूस किया है। यह पहले से ही थलपति की फिल्म को लेकर कानूनी झमेले में फंसी हुई है। मंगलवार को इस मामले में एक नया ट्विस्ट आया है। प्रोडक्शन कंपनी ने सेंसर बोर्ड के खिलाफ अपना केस वापस लेने का फैसला किया है और इसे हाई कोर्ट ने भी मंजूरी दे दी है।
सेट बनाने के लिए जंगल की जमीन पर अवैध कटाई का आरोप
बहरहाल, वापस ‘टॉक्सिक’ पर लौटते हैं। Reddit पर कुछ यूजर्स ने 2024 के मामले को फिर से उछाला है, जिसमें मेकर्स KVN Productions के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। ANI के मुताबिक, इस मामले में केनरा बैंक के जनरल मैनेजर और हिंदुस्तान मशीन टूल्स (HMT) के जनरल मैनेजर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उस समय, ‘इंडिया टुडे’ ने जंगल की जमीन की सैटेलाइट तस्वीरें दिखाते हुए एक रिपोर्ट शेयर की थी, जिसमें पहले और बाद की तस्वीरों में हरियाली में काफी अंतर देखा जा सकता है।
पर्यावरण मंत्री ने कहा था- ये सजा लायक अपराध
तब इस रिपोर्ट पर खूब शोर मचा था। कर्नाटक के पर्यावरण मंत्री ईश्वर खंड्रे ने अधिकारियों को जंगल की जमीन पर पेड़ों को काटने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। जमीन पर कथित तौर पर HMT का कब्जा है। न्यूज एजेंसी से बातचीत में मंत्री ईश्वर ने बताया था, ‘मैंने खुद उस जमीन का दौरा किया जहां ‘टॉक्सिक’ फिल्म की शूटिंग हो रही है। HMT के अधिकार क्षेत्र में जंगल की जमीन पर फिल्म की शूटिंग के लिए सैकड़ों पेड़ गैर-कानूनी तरीके से काटे गए हैं, जो सैटेलाइट इमेज में दिख रहा है। हम नियमों को तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई करेंगे। बिना कानूनी इजाजत के जंगल की जमीन में पेड़ काटना सजा के लायक अपराध है।’
कर्नाटक राज्य महिला आयोग में ‘टॉक्सिक’ के खिलाफ शिकायत
लगता है ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स के लिए राह आसान नहीं रहने वाली है। इससे पहले जब यूट्यूब पर फिल्म का एक टीजर रिलीज किया गया, तब सोशल मीडिया पर खूब शोर मचा। यूजर्स ने कब्रस्तान वाले सीन को अश्लील करार दिया। फिल्म की डायरेक्टर गीतू मोहनदास को भी ट्रोल किया गया है। हंगामा इतना बढ़ा कि राज्य की आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने कर्नाटक राज्य महिला आयोग में एक शिकायत दे दी।
सेंसर बोर्ड ने कहा- टीजर डिजिटल एसेट
बाद में, टीजर से सेंसर बोर्ड ने भी पल्ला झाड़ा। CBFC के चेयरपर्सन प्रसून जोशी ने ‘इंडिया टुडे’ से बातचीत में बताया कि टीजर एक डिजिटल एसेट है, इसलिए यह सेंसर बोर्ड की स्क्रीनिंग से नहीं गुजरा।
‘टॉक्सिक’ की बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ से है टक्कर
गीतू मोहनदास के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च को रिलीज होने वाली है। बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ से है। दोनों ही फिल्में अपने-आप में बहुत बड़ी रिलीज हैं। रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर पार्ट 1’ जहां दिसंबर में रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 1300+ करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है, वहीं KGF Chapter 2 की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद यश ‘टॉक्सिक’ से पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।
‘रामायणम्’ में रावण बनकर आ रहे हैं यश
यश की इस साल दो फिल्में रिलीज होने वाली हैं। वह ‘टॉक्सिक’ के बाद सिल्वर स्क्रीन पर नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ में भी रावण के रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, भगवान राम और मां सीता के अहम रोल में हैं। यश इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं। ‘रामायणम् पार्ट 1’ इसी साल दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज होगी।













