जानकारी के अनुसार, समिट में प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ भी बदसलूकी की है। दिल्ली पुलिस इसे एक बड़ी साजिश मानकर जांच कर रही है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ हाथापाई भी की है।
काली छतरी लेकर भारत मंडपम में घुसने का प्लान था
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में प्रदर्शनकारियों ने खुलासा किया कि उनकी काली छतरी लेकर भारत मंडपम में प्रदर्शन करने का प्लान था। हालांकि, पकड़े जाने के डर से उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके बाद टी-शर्ट प्रिंट करवाई गई जिनमें पीएम मोदी, एप्सटीन और ट्रंप की तस्वीर छपी थी।, जिससे उसे जैकेट के अंदर आराम से छिपाकर ले जाया जा सके।
प्रदर्शनकारियों ने पहले से रजिस्ट्रेशन करा रखा था
प्रदर्शनकारियों ने पहले से रजिस्ट्रेशन करा रखा था जिससे उन्हें आसानी से एंट्री मिल गई। वहीं टीशर्ट भी जैकेट के अंदर छिपा लिया था।दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, “दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के संबंध में दिल्ली एनसीआर में छापेमारी की। मंडपम से भागे प्रदर्शनकारियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। अब तक चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। शेष प्रदर्शनकारियों का पता लगाने के लिए छापेमारी जारी है। 15 से अधिक वीडियो क्लिप के आधार पर पहचान की जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के दौरान कुछ नाम प्राप्त किए हैं। प्रदर्शनकारियों के फोन बंद हैं।”
पुलिस जांच कर रही- आखिर टी-शर्ट कहां से प्रिंट करवाई गई
अब पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि आखिरकार टी-शर्ट कहां से प्रिंट करवाई गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने नर्सिम्बा यादव, नेशनल कोऑर्डिनेटर, यूथ कांग्रेस को भी पकड़ा है। वहीं, अब इस मामले को लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की आलोचना की है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाए कि राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ता समिट में गए और भारत का अपमान करने वाला कृत्य किया।
भाजपा नेताओं ने की आलोचना
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि उसके लिए एआई का मतलब एंटी-इंडिया है। यह आईएनसी (इंडियन नेशनल कांग्रेस) नहीं, बल्कि एएनसी (एंटी नेशनल कांग्रेस) है।”
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि एआई समिट में बिना शर्ट के किया गया विरोध प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर रची गई एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा का सक्रिय परामर्श शामिल था।
पात्रा ने भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर देश को शर्मिंदा करने और उसकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। इस शर्मनाक कृत्य के लिए उन्होंने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराते हुए दावा किया कि पूरी साजिश राहुल गांधी के आवास पर रची गई थी।













