‘यह हादसा नहीं हत्या’
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट में लिखा, हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की महामारी आज फिर एक युवा की जान ले गई। एक बेटा, एक सपना, माँ-बाप की पूरी दुनिया – सब कुछ एक झटके में उजाड़ दिया गया। यह हादसा नहीं, हत्या है – और हत्यारी है जवाबदेही से भागती सत्ता। उन्होंने कहा कि असली का तिल सड़क नहीं, गैरजिम्मेदार सत्ता है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि क्योंकि यहां न इस्तीफ़ा होता है, न सज़ा मिलती है, न किसी की अंतरात्मा जागती है। राहुल ने इंदौर का जहरीला पानी, नोएडा में युवराज की जान लेने वाली सड़क, गिरते पुल, टकराती ट्रेनें, दम घोंटता प्रदूषण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसी की भी कोई जवाबदेही नहीं है। राहुल का कहना था कि जब तक जवाबदेही नहीं होगी, तब तक कोई न कोई लालच की महामारी का अगला शिकार बनता रहेगा।
दिल्ली के युवक की गड्ढे में गिरने से मौत
पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह एक गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार कमल की मौत हो गई। व्यक्ति कथित तौर पर जल बोर्ड के निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में गिर गया था। मृतक के परिवार ने दिल्ली जल बोर्ड के स्तर पर लापरवाही का आरोप लगाया है और साथ ही कमल की मौत में साजिश की आशंका भी जताई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दिल्ली जल बोर्ड के निर्माणस्थल पर यह गड्ढा खोदा गया था।













