‘एनडीटीवी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक प्रमुख गुर्गे हैरी बॉक्सर ने ही रणवीर सिंह से 10 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की कोशिश की। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जबरन वसूली की मांग का वॉइस नोट एक अमेरिकी फोन नंबर से रणवीर सिंह के मैनेजर के वॉट्सऐप के जरिए की गई थी।
पहचान छिपाने के लिए VPN का सहारा
रणवीर सिंह के मैनेजर को 10 फरवरी को धमकी वाला पहला वॉयस नोट भेजा गया। हैरी बॉक्सर ने धमकी देते हुए कहा कि अगर उसे पैसे नहीं दिए गए तो वह रणवीर सिंह के पूरे स्टाफ को खत्म कर देगा। गैंगस्टर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए VPN का सहारा लिया था। हालांकि, बाद में पुलिस के सूत्रों ने कंफर्म किया कि यह आवाज हैरी बॉक्सर की है।
क्राइम ब्रांच ने अमेरिकी अधिकारियों से किया संपर्क
नई रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि है कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वॉट्सऐप नंबर के बारे में अधिक जानकारी के लिए अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया था। हैरी बॉक्सर का यह धमकी वाला वॉइस नोट तब आया, जब कुछ दिन पहले ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी की थी। इस मामले में अब तक कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कौन है हैरी बॉक्सर उर्फ हरिचंद
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद है। एक समय वह पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। उसके पिता का नाम गिरधारी जाट है, और वो एक किसान हैं। एक वक्त था, जब हरिचंद जयपुर में बॉक्सिंग सीखता था, यहीं से उसका नाम हैरी बॉक्सर पड़ा। बाद में वह लॉरेंस गैंग के संपर्क में आया और इन दिनों अमेरिका में छिपा बैठा है। बताया जाता है कि हैरी बॉक्सर ने डंकी रूट यानी अवैध तरीके से साल 2024 में US में एंट्री ले ली थी। लॉरेंस बिश्नोई की गोल्डी बराड़ से दूरी बढ़ने के बाद उसने अमेरिका में हैरी बॉक्सर को अपने गैंग के काम के लिए तैनात किया है।
बानसूर का रहने वाला है हैरी बॉक्सर, अनमोल बिश्नोई का है दोस्त
बताया जाता है कि हैरी बॉक्सर की लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल से गहरी दोस्ती है। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती है। हैरी अलवर से अलग होकर बने नए जिले कोटपुतली-बहरोड़ के बानसूर का रहने वाला है। उसके खिलाफ जयपुर, धोलपुर, सीकर, करौली और अलवर सहित कई इलाकों में लूट, हत्या का प्रयास और मारपीट के 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
कपिल शर्मा के कैफे, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग में भी हैरी का नाम
हैरी बॉक्सर का नाम कपिल शर्मा के कनाडा वाले कैफे पर गोलीबारी के वक्त भी सामने आया था। बीते दिनों रोहित शेट्टी को धमकी देने और उनके घर पर गोलीबारी करने की प्लानिंग भी हैरी के निर्देश पर ही हुई थी। रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में पांच लोगों- अमन मारोटे (27), आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18) और स्वप्निल सकत (23) को गिरफ्तार किया गया है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर को वांछित आरोपी के रूप में नामित किया गया है।
रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में 12 लोगों की गिरफ्तारी
गुरुवार को, पुलिस सूत्रों ने बताया कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी करने के तीन आरोपी दीपक शर्मा, सोनू कुमार और सनी कुमार को 3 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। इस घटना में एक देसी, लेकिन एडवांस्ड बंदूक का इस्तेमाल किया गया था और कम से कम पांच 7.62 mm की गोलियां चलाई गईं। इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में भी वॉन्टेड है शुभम लोनकर
शुभम लोनकर वांटेड अपराधी है। अक्टूबर 2024 में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के लीडर बाबा सिद्दीकी की हत्या और बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर पर गोली चलाने के मामले में भी वह वॉन्टेड है।
गुजरात के जेल में कैद है लॉरेंस बिश्नोई
लॉरेंस बिश्नोई इस वक्त गुजरात के साबरमती जेल में कैद है। हालांकि, उसका गिरोह कनाडा और अमेरिका से अपना गोरखधंधा चला रहा है। पिछले कुछ महीनों और सालों में इस गैंग का नाम कई हत्याओं और जबरन वसूली की कोशिशों के साथ-साथ ड्रग्स और हथियारों की तस्करी से भी जुड़ा है। बीते साल सितंबर 2025 में कनाडा ने उसे ‘आतंकवादी’ भी घोषित कर दिया था।













