मालूम हो कि जेल में सरेंडर करने के बाद राजपाल यादव का बयान वायरल हो गया था, जिसके बाद सोनू सूद ने सबसे पहले आगे बढ़कर उनकी मदद की और इंडस्ट्री के सभी लोगों से एकजुट होकर एक्टर की मदद की भावुक अपील की थी। इसके बाद तो सभी एक-एक करके उनकी मदद को खड़े हो गए। इस पर राजपाल यादव की पत्नी राधा ने सबका आभार जताया है। इस मामले में वह पहली बार सबके सामने आई हैं।
यह बोलीं राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव
उन्होंने ‘पीटीआई’ से बातचीत में कहा, ‘सभी ने उनका साथ दिया है। फिल्म इंडस्ट्री ने भी उनका सपोर्ट किया है। मैं मदद के लिए आगे आने वाले सभी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं।’
सोनू सूद और नवाजुद्दीन समेत 11 लोगों ने की राजपाल यादव की मदद
मालूम हो कि राजपाल यादव के लिए बॉलीवुड ने दरियादिली दिखाते हुए अपनी बाहें खोल दीं। अभी तक 11 लोगों ने राजपाल यादव की मदद की है। सबसे पहले सोनू सूद ने एक्टर की आर्थिक मदद की। इसके बाद इस मुहिम में गुरमीत चौधरी, सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन और डेविड धवन के अलावा राजपाल के दोस्त नवाजुद्दीन सिद्दीकी आगे आए और एक्टर की आर्थिक मदद की। राजनेता तेज प्रताप यादव के अलावा जेम्स टून म्यूजिक के मालिक राव इंद्रजीत सिंह यादव के मालिक ने भी राजपाल यादव की आर्थिक मदद की। केआरके ने भी राजपाल यादव को 10 लाख रुपये देने का वादा किया।
राव इंद्रजीत सिंह ने राजपाल यादव को 1.1 करोड़ रुपये दिए
राव इंद्रजीत सिंह ने राजपाल यादव को 1.1 करोड़ रुपये की मदद दी। उधर,सिंगर गुरु रंधावा ने भी राजपाल यादव को एडवांस पेमेंट कर दी है। राजपाल यादव ने सिंगर के साथ एक म्यूजिक वीडियो में काम किया था, पर अभी वह रिलीज नहीं हुआ है। लेकिन गुरु ने उन्हें एडवांस में पैसे भेज दिए हैं।
2010 का है राजपाल यादव का चेक बाउंस मामला
राजपाल यादव अभी तिहाड़ जेल में बंद हैं और चेक बाउंस का मामला 2010 का है। तब एक्टर ने ‘अता पता लापता’ नाम से एक फिल्म बनाई थी। इसमें उन्होंने एक प्राइवेट कंपनी से 5 करोड़ रुपये लेकर भी लगाए थे। फिल्म डूब गई और साथ में पैसे भी। समय सीमा निकलने के बाद भी राजपाल यादव ली हुई रकम लौटा नहीं पाए और वक्त के साथ ब्याज बढ़ता चला गया, जो अब 9 करोड़ रुपये तक हो गया था। राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने ‘द स्क्रीन’ को बताया कि काफी लोगों ने मदद के लिए उनसे संपर्क किया है और गुरुवार को राजपाल यादव की जमानत पर सुनवाई हो सकती है। वह जल्दी रिहा हो सकते हैं।
कौन हैं राधा यादव?
राधा यादव की बात करें, तो वह राजपाल यादव की दूसरी पत्नी हैं। राजपाल की पहली शादी करुणा से हुई थी। तब उनकी उम्र 20 साल की थी। लेकिन बेटी ज्योति के जन्म के समय करुणा की मौत हो गई थी। इसके बाद राजपाल यादव ने साल 2003 में राधा से शादी की थी, जो कनाडा में रहती थीं। राधा ने शादी के बाद न सिर्फ सौतेली बेटी ज्योति को पाला, बल्कि अपने बच्चों की भी परवरिश की। वह हर सुख-दुख में राजपाल यादव के साथ खड़ी रही हैं।













