अपनी वैनिटी वैन के अंदर शूट किए गए इस वीडियो में राजपाल कहते नजर आ रहे हैं, ‘आप सबके प्यार और आशीर्वाद से, मैं काम पर लौट आया हूं।’ वीडियो में राजपाल ने इंडस्ट्री में अपने 30 साल के सफर पर भी बात की और बताया कि कैसे तमाम उतार-चढ़ावों और मुश्किल समय में मुंबई शहर ने हमेशा उनका साथ दिया है। उन्होंने अपने फैंस और कई लोगों से मिले सपोर्ट के लिए आभार भी व्यक्त किया।
राजपाल यादव ने दिखाई वैनिटी वैन की झलक
राजपाल यादव ने वीडियो में ढेर सारी बातें कीं। उन्होंने कहा, ईश्वर की दया से काम पर वापस लौट आया हूं। 20 जून 1997 को हम लोग मुंबई आए थे। 13 जुलाई 1997 को पुणे में स्वराज सीरियल पहली बार मिला था। डीडी वन पर आता था। 30 साल से आज तक मेकअप लगता चला आ रहा है।
जेल से रिहा होते ही राजपाल यादव की पोस्ट
फ्री प्रेस जर्नल के अनुसार, एक्टर उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की शादी के बाद शहर पहुंचने के तुरंत बाद ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग शुरू कर चुके हैं। रिहाई के तुरंत बाद राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर अपना पहला मैसेज शेयर किया, जिसमें उन्होंने फैंस और शुभचिंतकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा, ‘आप सभी के प्यार और साथ के लिए दिल से धन्यवाद।’
राजपाल यादव का चेक बाउंस मामला
साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए दिल्ली स्थित मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही और कर्ज चुकाया नहीं जा सका। अदालती रिकॉर्ड से पता चलता है कि बाद में जारी किए गए सात चेक बाउंस हो गए। 2024 में अदालत ने अभिनेता को बकाया चुकाने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया था, लेकिन फरवरी 2026 में अदालत ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया, क्योंकि उन्होंने कर्ज चुकाने के वादे का कई बार उल्लंघन किया था।
‘वेलकम टू द जंगल’ में 30 से अधिक कलाकार
अहमद खान की निर्देशित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में 30 से अधिक कलाकारों की शानदार टोली है। इनमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी, परेश रावल और जॉनी लीवर सहित कई कलाकार शामिल हैं। पिछले साल नवंबर में अक्षय कुमार ने फिल्म के सेट से दिशा पटानी के साथ एक वीडियो शेयर किया था। दोनों को ‘ऊंचा लंबा कड’ गाने के नए वर्जन पर थिरकते हुए देखा गया था।













