राहुल गांधी आजकल X-X खेलते रहते हैं: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी आजकल रोज ट्वीट करते रहते हैं। वो रोज ट्विटर-ट्विटर खेलते रहते हैं। आजकल ट्विटर एक्स हो गया है। राहुल गांधी आजकल X-X खेलते रहते हैं, लेकिन हम सीधी बात करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आप ये बताइए, 2006-07 में देश में चीनी का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ था। बाजार चीनी से भरा पड़ा था, तब आपकी सरकार ने बफर स्टॉक क्यों नहीं बनाया? उसे सुरक्षित रखने के बजाय निर्यात करने की छूट क्यों दी।
‘जब उत्पादन ज्यादा था तो भंडारण क्यों नहीं किया’
शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि जब उत्पादन ज्यादा था, तो भंडारण क्यों नहीं किया? जब दाम गिरे, तो किसानों को क्यों नहीं बचाया? जब निर्यात की छूट दे दी तब देश का हित कहां था? एक सवाल और कांग्रेस की सरकार ने 36 रुपए किलो में चीनी आयात किया। विदेश से मंगाई 36 रुपये किलो में और फिर 12.50 रुपए किलो में निर्यात कर दी। ये कौन सा व्यापार है? और ये कौन सा खेल है। 36 रुपये किलो में मंगाकर साढ़े बारह रुपये किलो में बेच दो, इसमें किसका हित था, राहुल गांधी को जवाब देना होगा। 2009 और 2010 में जब डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और यूपीए सरकार थी, मैं उस समय की बात कर रहा हूं।
कृषि मंत्री के निशाने पर पूर्व की कांग्रेस सरकार
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि एक बात और पूछना चाहता हूं कांग्रेस से। खुलेआम पूछना चाहता हूं। 1993-94 तक भारत खाद्य तेल में आत्मनिर्भर था। बाहर से खाद्य तेल नहीं आते थे। लेकिन उस समय पीवी नरसिम्हा राव की सरकार थी। उस समय उन्होंने खाद्य तेल को ओपन जनरल लाइसेंस में डाल दिया और विदेशी तेलों के लिए दरवाजे खोल दिए। सस्ता आयात आया और भारत की आत्मनिर्भरता खत्म हो गई।
अमित मालवीय ने शेयर किया शिवराज सिंह चौहान का वीडियो
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश को आयात पर निर्भर बनाने का पाप कांग्रेस ने किया है। राहुल गांधी, देश पूछ रहा है—आपको जवाब देना पड़ेगा। केंद्रीय कृषि मंत्री का ये वीडियो बीजेपी नेता अमित मालवीय ने एक्स पर शेयर किया है। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री किसानों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पर करारा अटैक किया है।













