वीडियो में रोहित शेट्टी और बेटे ईशान नजर आ रहे हैं। ईशान एयरपोर्ट पर अंदर जाने से पहले झुककर पापा रोहित शेट्टी के पैर छूते हैं, जिसके बाद डायरेक्टर ने बेटे को कसकर लगे लगा लिया। इसके बाद ईशान अंदर चले गए और रोहित उन्हें तब तक देखते रहे, जब तक कि वह आंखों से ओझल नहीं हो गए। इसके बाद रोहित शेट्टी वापस चले गए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की।
31 जनवरी की रात रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग, निशाने पर थे डायरेक्टर
मालूम हो कि 31 जनवरी की देर रात रोहित शेट्टी की जुहू स्थिति 9 मंजिला बिल्डिंग की पहली मंजिल पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी। एक गोली बिल्डिंग में मौजूद जिम के कांच में लगी थी। हमले के वक्त रोहित शेट्टी अपने घर में ही मौजूद थे। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। पोस्ट शुभम लोंकर आरजू बिश्नोई के नाम से फेसबुक पर शेयर किया गया था। इसके जरिए पूरे बॉलीवुड को चेतावनी दी थी। मुंबई क्राइम ब्रांच तुरंत ही इस मामले की जांच में जुट गई थी। इसमें पता चला कि उनके मुख्य निशाने पर रोहित शेट्टी थे।
आसाराम फसाले समेत ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में आसाराम फसाले को गिरफ्तार किया। इसके बाद आदित्य गायकी, समर्थ पोमाजी, सिद्धार्थ येनपुरेऔर स्वप्निल सकत को भी गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ धारा 109 और 61(2) के साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 और BNS की धारा 37(1), 37(2) और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद उन्हें 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया था। पुलिस की जांच में पता चला कि आसाराम फसाले मैकेनिक होने के अलावा लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ भी जुड़ा हुआ था।
रोहित शेट्टी को दोबारा मिली धमकी, कही यह बात
इसी बीच, अब रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी मिली। यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के नाम से दी गई। मालूम हो कि रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के बाद एक्टर रणवीर सिंह को वॉट्सऐप पर वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई थी। अब एक बार फिर दोनों को धमकी दी गई है। इस बार रणवीर और रोहित शेट्टी को धमकी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने को लेकर दी गई है। सामने आए मैसेज में रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह के मैनेजर और दोनों के परिवार की गतविधियों की जानकारी होने का दावा किया गया है।













