टॉप-ऑर्डर
- भारतः भारत के लिए राहत की बात यह रही कि अभिषेक शर्मा ने शनिवार शाम नेट्स में लंबा अभ्यास किया, जो उनकी रिकवरी का संकेत है। वे ईशान किशन के साथ ओपनिंग करेंगे, जो टीम में वापसी के बाद से 200 प्लस के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। इन दो युवा धुरंधरों के बाद तीसरे नंबर पर तिलक वर्मा हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पिछली जीत के नायक रहे तिलक एक बार फिर यादगार प्रदर्शन को बेताब होंगे।
- पाकिस्तानः पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर में साहिबजादा फरहान फिलहाल सबसे अहम नाम हैं, जो ICC की टी20 रैंकिंग्स में टॉप 5 बैटर्स में शामिल इकलौते पाकिस्तानी बैटर हैं। साहिबजादा ने भारत के खिलाफ तीन मैच खेले हैं और तीनों में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। इस टूर्नामेंट में भी वह लय में नजर आ रहे हैं। टॉप ऑर्डर में उनके अलावा मौजूद सईम अयूब और कप्तान सलमान आगा टीम को पावरप्ले में तेज शुरुआत दिला सकते हैं।
मिडल ऑर्डर
- भारतः भारत के मिडल ऑर्डर में कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं, जो अपने पुराने रंग में लौट चुके हैं। यहां हार्दिक पंड्या भी हैं जिनकी हिटिंग का अपना स्वैग है। पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक कुछ अलग ही लेवल का प्रदर्शन करते है। इस विरोधी टीम के खिलाफ उनका बोलिंग औसत, इकॉनमी रेट और स्ट्राइक रेट उनके कुल टी20 अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों से बेहतर है।
- पाकिस्तानः मिडल ऑर्डर में बाबर आजम मौजूद हैं शुरुआती झटकों के बाद भी पारी को संभालने की काबिलियत रखते हैं। हालांकि उनका स्ट्राइक रेट कम है। शादाब खान अपनी पावर हिटिंग से इस खामी को दूर कर सकते हैं। फखर जमां और मोहम्मद नवाज भी है।
बोलिंग अटैक
- भारतः भारतीय अटैक में विपक्षी टीम को अकेले ही धराशाई करने की ताकत रखने वाले जसप्रीत बुमराह तो थे ही, अब उनके साथ रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी शामिल हो गए हैं। इसके अलावा भारत के पास हार्दिक है जो पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा अच्छी बोलिंग करते हैं।
- पाकिस्तानः शाहीन शाह अफरीदी ने 2024 के बाद से टी20I में अपने पहले ही ओवर में 15 विकेट निकाले है। अबरार अहमद, उस्मान तारिक, शादाब खान और मोहम्मद नवाज की स्पिन चौकड़ी भी घातक हो सकती है।
हैंडशेक पर कप्तानों की राय
भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों के कप्तान ने हैंडशेक मुद्द पर अपनी राय रखी है। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि ‘अब इसके लिए 24 घंटे इंतजार कीजिए। इस पर इतना ध्यान क्यों देना ? हम क्रिकेट खेलने आए है। हम अच्छा क्रिकेट खेलेंगे। इन सब फैसलों पर हम कल बाद में विचार करेंगे। इंतजार कीजिए। अच्छे से खाइए और सो जाइए। वहीं पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि ‘मेरी व्यक्तिगत राय शायद मायने नही रखती। लेकिन क्रिकेट उसी तरीके से खेला जाना चाहिए, जिस तरह से इसे हमेशा खेला जाना चाहिए था। क्या करना है, यह तय करना उन पर निर्भर है। इस बारे में हम कल देखेंगे।’
मौसम और पिच का हाल
इस हाईवोल्टेज मैच पर बारिश का खतरा बना हुआ है। कोलंबो में जहां आर प्रेमदासा स्टेडियम स्थित है, वहां संडे को 50 से 70 प्रतिशत तक बारिश का पूर्वानुमान है। तापमान अधिकतम 30-31 डिग्री तक जा सकता है। वहीं पिच के बारे में बात करें तो, प्रेमदासा पर ‘स्पिन टु विन’ की रणनीति टीम के लिए फायदेमंद रही है। साल 2021 से यहां खेले गए 15 टी201 मुकाबलों में कुल 173 विकेट गिरे है। स्पिनर्स ने 92 विकेट लिए है, जो कुल विकेट का 53.17 प्रतिशत है। पेसर्स के नाम 81 विकेट रहे हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में यहां कुल तीन मैच हुए हैं। तीनों में पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीत हासिल की है।
पहले पहुंचने का पाक को होगा फायदा !
पाकिस्तान इस वर्ल्ड कप की शुरुआत से कोलंबो में है और यहां के माहौल में दो मैच खेलने का उसे फायदा मिला सकता है। वे परिस्थितियों से परिचित है. भले ही मैदान अलग रहा हो। पाकिस्तान की यात्रा भी कम रही है, जबकि भारत को अपना पिछला मैच खेलने के बाद सिर्फ तीन दिन के अंतराल में उड़ान भरकर यहां पहुंचना पड़ा है। इसका असर पड़ता है या नहीं, यह देखना बाकी है।














