हैती पहुंचे तीन अमेरिकी युद्धपोत
रिपोर्ट के अनुसार, इस हफ्ते की शुरुआत में तीन अमेरिकी युद्धपोत USS स्टॉकडेल, USCGC स्टोन और USCGC डिलिजेंस हैती में बढ़ते गैंगवार और जारी राजनीतिक अस्थिरता के बीच हैती के पोर्ट-औ-प्रिंस खाड़ी में दाखिल हुए। हैती में अमेरिकी दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा कि यह तैनाती “हैती की सुरक्षा, स्थिरता और बेहतर भविष्य के प्रति संयुक्त राज्य अमेरिका की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाने के लिए है।”
USS स्टॉकडेल की ताकत जानें
USS स्टॉकडेल एक अर्ले बर्क-क्लास गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर है। यह युद्धपोत अकेले ही हैती की पूरी सैन्य शक्ति का सामना कर सकता है। इतना ही नहीं, USS स्टॉकडेल अपनी अडवांस डिजाइन और अत्याधुनिक तकनीकी क्षमताओं के कारण एंटी-एयर, एंटी-सरफेस और एंटी-सबमरीन युद्ध करने में सक्षम है। यह पिछले साल क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी विरोधी अभियानों के लिए तैनात अमेरिकी कैरेबियन बेड़े का हिस्सा था।
अमेरिकी तटरक्षक के तो जहाज शामिल
इसके अलावा, USCGC स्टोन और USCGC डिलिजेंस दोनों अमेरिकी कोस्ट गार्ड के जहाज हैं। इनका उपयोग समुद्री सुरक्षा, कानून प्रवर्तन, खोज और बचाव, और अन्य मिशनों के लिए किया जाता है। ये जहाज अक्सर पश्चिमी गोलार्ध में मिशनों पर अमेरिकी नौसेना के साथ मिलकर काम करते हैं, खासकर हैती जैसे स्थानों को प्रभावित करने वाले अंतरराष्ट्रीय अपराधों का मुकाबला करने के लिए।
अमेरिकी युद्धपोत हैती क्यों पहुंचे
बयान के अनुसार, यह बेड़ा युद्ध सचिव पीट हेगसेथ के निर्देश पर “ऑपरेशन सदर्न स्पीयर” के हिस्से के रूप में भेजा गया था। ऑपरेशन सदर्न स्पीयर एक अमेरिकी सैन्य अभियान है जो पिछले साल “अंतरराष्ट्रीय आपराधिक और अवैध समुद्री नेटवर्क का पता लगाने, बाधित करने और कमजोर करने” के उद्देश्य से शुरू हुआ था। ऑपरेशन सदर्न स्पीयर ने अब तक कैरेबियन और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में संदिग्ध ड्रग तस्करों पर नाव हमलों में 100 से अधिक लोगों को मार गिराया है। फिर भी, हैती में अमेरिकी युद्धपोतों की तैनाती दिलचस्प है क्योंकि, वेनेजुएला जैसे देशों के विपरीत, हैती एक गरीब देश है।













